“प्रशासन सख्त: एजेंसी से नहीं, अब सीधे घर पहुंचेगा गैस सिलेंडर”

ख़बर शेयर करें

 

नैनीताल, 13 मार्च 2026।
जनपद नैनीताल में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए गैस वितरण प्रणाली में बदलाव किया है। वैश्विक परिस्थितियों के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने उपभोक्ताओं की सुविधा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया है।
जिला मजिस्ट्रेट के निर्देशानुसार जारी आदेश में कहा गया है कि ऑनलाइन बुकिंग, डीएसपी और ओटीपी से संबंधित प्रक्रियाओं में अत्यधिक फोन कॉल आने के कारण गैस एजेंसियों में तकनीकी बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं। इसके चलते बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को एजेंसियों में पहुंचना पड़ रहा है, जिससे अनावश्यक भीड़ लग रही है और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना बन रही है।
इन परिस्थितियों को देखते हुए जनपद की सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि वे फिलहाल एजेंसी परिसर से सीधे गैस सिलेंडर वितरण न करें। इसके स्थान पर उपभोक्ताओं को डोर-टू-डोर वितरण प्रणाली के माध्यम से ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि लोगों को घर बैठे सुरक्षित और सहज तरीके से गैस मिल सके।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग फोन, एसएमएस या मोबाइल ऐप के माध्यम से नहीं हो पा रही है, वे केवल बुकिंग कराने के लिए ही गैस एजेंसी जा सकते हैं। बुकिंग के बाद गैस सिलेंडर की आपूर्ति घर-घर पहुंचाकर सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे गैस एजेंसियों में अनावश्यक भीड़ न लगाएं और प्रशासन द्वारा लागू की गई डोर-टू-डोर वितरण व्यवस्था का सहयोग करें, ताकि गैस आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।