हल्द्वानी। ‘एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था’ द्वारा बारहवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हल्द्वानी आर्मी कैंट में एक भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू और योगा प्रभारी धर्मा कुमारी के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में सैन्य अधिकारियों सहित सैकड़ों जवानों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया और योग की विभिन्न मुद्राओं का अभ्यास किया।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू और योगा प्रभारी धर्मा कुमारी ने संयुक्त रूप से योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए हमें योग को अपनाना बहुत ही जरूरी है क्योंकि योग वह क्रिया है जो शरीर के सभी अंगों की गतिविधियों और सांसों को नियंत्रित करती है। यह शरीर के साथ-साथ मन और मस्तिष्क को प्रकृति से जोड़कर हमारी आंतरिक और बाहरी ताकत को बढ़ावा देने का कार्य करता है। नियमित रूप से योग करने वाले व्यक्तियों के लिए यह एक बहुत ही अच्छा अभ्यास है, जो सभी प्रकार की बीमारियों से मुक्ति दिलाकर स्वस्थ जीवन शैली के साथ बेहतर जीवन जीने में हमारी सहायता करता है। योग हमें एकाग्रता, सहनशीलता, आध्यात्मिकता और सामाजिकता से परिपूर्ण कर धर्महित, समाजहित और भारतहित में कार्य करने के लिए हमेशा प्रेरित करता है।
उन्होंने आगे कहा कि योग प्राचीन समय से मनुष्य को प्रकृति द्वारा दिया गया बहुत ही महत्वपूर्ण और अनमोल उपहार है, जो जीवन भर मनुष्य को दृढ़ संकल्पित कर प्रकृति के साथ हमेशा जोड़कर रखता है। इसीलिए योग व्यक्ति निर्माण से लेकर राष्ट्र निर्माण का कार्य स्थापित करता है।
इस दौरान आर्मी कैंट में मौजूद समस्त सैन्य अधिकारी गण और सैकड़ों जवानों ने अनुलोम-विलोम, प्राणायाम और विभिन्न आसनों का अभ्यास किया। शिविर में योगाभ्यास कराने और व्यवस्थाएं संभालने में संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू, योगा प्रभारी धर्मा कुमारी, मार्गदर्शिका पूर्णिमा रजवार, मनीष साहू, मनीषा आर्या, रोहतास प्रजापति, सूरज मिस्त्री, दीपक कुमार और सुशील राय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
