निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता स्वस्थ लोकतंत्र की मजबूत नींव: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया ‘एनकेबी टाइम्स’ का शुभारंभ
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को रामपुर रोड स्थित विंटेज ग्रीन में आयोजित एक समारोह के दौरान ‘एनकेबी टाइम्स’ का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एक स्वस्थ और जीवंत लोकतंत्र के लिए निष्पक्ष, सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता अनिवार्य शर्त है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारिता समाज को जागरूक करने और जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। मीडिया समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की समस्याओं को प्रमुखता से उठाकर उनके समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ‘एनकेबी टाइम्स’ जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देगा और पत्रकारिता के उच्च नैतिक मूल्यों को निरंतर आगे बढ़ाएगा।
‘सबके राम’ की अवधारणा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान राम किसी एक धर्म, जाति या वर्ग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके आदर्श संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका जीवन त्याग, संयम, साहस, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा की सीख देता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अयोध्या में 22 जनवरी 2024 को दिए गए वक्तव्य का स्मरण कराते हुए उन्होंने कहा कि भगवान राम ऊर्जा, समाधान और अनंतकाल के प्रतीक हैं। अयोध्या से रामेश्वरम तक उनसे जुड़ी आस्था देश की सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ करती है और समाज में आपसी सद्भाव व मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देती है।
समारोह में नमन कृष्ण महाराज ने भी भगवान राम के जीवन, आदर्शों और आध्यात्मिक महत्व पर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, सरिता आर्या, राजेश शुक्ला, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दायित्वधारी डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, नवीन वर्मा, भावना मेहरा, रेणु अधिकारी, एनकेबी टाइम्स के निदेशक आदित्य सिसौदिया, सिद्धार्थ सिसौदिया, आशुतोष सिंह, गणेश जोशी, कुमाऊं मंडलायुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित कई जनप्रतिनिधि व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें


