हल्द्वानी, 18 मार्च 2026 । जनपद नैनीताल में आगामी 21 मार्च को होने वाले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रस्तावित दौरे को लेकर सर्किट हाउस हल्द्वानी में आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत की अध्यक्षता में पूर्व तैयारी बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कुमाऊं आयुक्त ने राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर हल्द्वानी स्थित एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समय रहते तैयारियां पूर्ण करने और सौंपी गई जिम्मेदारियों का निर्वहन त्रुटिरहित ढंग से करने को कहा।
आयुक्त ने पार्किंग, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, वीआईपी एवं मीडिया के बैठने की व्यवस्था, आमजन के बैठने, शौचालय, आपातकालीन सेवाएं तथा सभा स्थल की तैयारियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था हो।
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सैक्टरवार जिम्मेदारियां निर्धारित कर सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। पेयजल के लिए टैंकर, पर्याप्त डिस्पेंसर तथा मोबाइल शौचालय उपलब्ध कराने को कहा गया। वहीं नगर निगम को नियमित सफाई अभियान चलाने तथा लोक निर्माण विभाग को वीआईपी मार्गों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के पश्चात आयुक्त दीपक रावत ने एमबी इंटर कॉलेज मैदान में चल रही तैयारियों का निरीक्षण कर मंच, पंडाल एवं अन्य कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक में जनप्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
