प्रधानमंत्री ने अजमेर से प्रारंभ किया देशव्यापी HPV टीकाकरण अभियान, मुख्यमंत्री धामी ने हल्द्वानी में बालिकाओं को किया जागरूक

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी, 28 फरवरी 2026: प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के अजमेर से 14 वर्ष की लड़कियों के लिए सर्वाइकल कैंसर के विरूद्ध राष्ट्रीय स्तर पर ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में भाग लिया और मेडिकल कॉलेज में स्थापित HPV टीकाकरण कक्ष का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने बालिकाओं को टीकाकरण के लाभों से अवगत कराया और कहा कि यह अभियान मातृशक्ति के स्वास्थ्य, सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने बताया कि भारत में हर साल सर्वाइकल कैंसर से हजारों महिलाओं की मृत्यु होती है, और इस अभियान के तहत देशभर में लगभग 1 करोड़ 15 लाख किशोरियों को मुफ्त टीका उपलब्ध कराया जाएगा।
उत्तराखंड में इस अभियान के प्रथम चरण में 155 केंद्रों पर व्यापक स्तर पर टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों, नर्सों, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किए जाने की जानकारी दी और प्रदेश के सभी फ्रंटलाइन हेल्थ वॉरियर्स का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में आयुष्मान भारत योजना, मेडिकल कॉलेजों का विस्तार, सुपर स्पेशियलिटी विभागों की स्थापना, कैंसर संस्थान निर्माण, हैली एंबुलेंस सेवा और टेलीमेडिसिन जैसी आधुनिक सुविधाएँ स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी अफवाह में न आएँ और अपनी बेटियों का HPV टीकाकरण अवश्य करवाएँ।
कार्यक्रम में सांसद  अजय भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, राम सिंह कैड़ा, सरिता आर्या, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।