मंदिर निर्माण व विकास कार्यों में निरंतर सहयोग का दोहराया संकल्प, मंदिर समिति अध्यक्ष लक्ष्मण खाती ने किया स्वागत
लालकुआँ (शैल शक्ति ब्यूरो)। क्षेत्र के प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक शक्तिपीठ माँ अवंतिका मंदिर में प्रतिष्ठित समाजसेवी पियूष मिश्रा, युवा व्यापारी नेता नरेश चौधरी तथा नगर पंचायत सभासद भुवन पाण्डे ने शीश नवाया। सभी गणमान्य अतिथियों ने माँ अवंतिका के चरणों में श्रद्धापुष्प अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि तथा लोकमंगल की प्रार्थना की।
मंदिर परिसर में पहुंचने पर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण खाती ने सभी अतिथियों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार प्रसाद भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि पियूष मिश्रा, नरेश चौधरी और भुवन पाण्डे लंबे समय से माँ अवंतिका धाम के विशेष सहयोगी रहे हैं और मंदिर के विस्तार व विभिन्न निर्माण कार्यों में निरंतर अपना सक्रिय योगदान देते आ रहे हैं।
दर्शन-पूजन के पश्चात समाजसेवी पियूष मिश्रा ने कहा कि माँ अवंतिका का यह पावन दरबार समूचे क्षेत्रवासियों की अटूट आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का मुख्य केंद्र है। उन्होंने कहा कि माँ के दरबार में जो शांति और आत्मिक सुकून मिलता है, वह अन्यत्र दुर्लभ है। मंदिर परिसर का सुंदरीकरण और नव-निर्माण हम सभी की सामूहिक सामाजिक व धार्मिक जिम्मेदारी है, जिसके लिए वे हमेशा तत्पर रहेंगे।
युवा व्यापारी नेता नरेश चौधरी ने कहा कि अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण करना युवा पीढ़ी का कर्तव्य है। माँ अवंतिका के चरणों में शीश झुकाने मात्र से नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार होता है। मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और धाम की भव्यता को बढ़ाने के लिए व्यापार मंडल और युवा वर्ग हर स्तर पर सहयोग जारी रखेगा।
सभासद भुवन पाण्डे ने कहा कि जनसेवा और धर्म एक-दूसरे के पूरक हैं। माँ अवंतिका मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि यह हमारे सांस्कृतिक गौरव का भी प्रतीक है। मंदिर परिसर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, संपर्क मार्गों और निर्माण कार्यों को गति देने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे ताकि दूर-दराज से आने वाले भक्तों को सुगम वातावरण मिल सके।
मंदिर कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मण खाती ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पियूष मिश्रा, नरेश चौधरी और भुवन पाण्डे जैसे समर्पित समाजसेवियों और जननेताओं के सहयोग से मंदिर के नव-निर्माण और विकास कार्यों को नई दिशा व गति मिल रही है। इनका निःस्वार्थ सहयोग और धार्मिक कार्यों के प्रति समर्पण समूचे समाज के लिए प्रेरणादायी है।
इस दौरान मंदिर के विकास कार्यों, आगामी धार्मिक आयोजनों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर भी गहन विचार-विमर्श किया गया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें


