तेल और गैस बचाओ, हरित ऊर्जा अपनाओ: नारायणपुरम हल्दूचौड़ में जागरूकता रैली, सैकड़ों लोग हुए शामिल

ख़बर शेयर करें

हल्दूचौड़। भारत सरकार द्वारा संचालित सक्षम 2026 अभियान के अंतर्गत “तेल और गैस बचाओ, हरित ऊर्जा अपनाओ” संदेश को जन-जन तक पहुँचाने हेतु सुरुची इण्डेन गैस, लालकुआँ के तत्वावधान में नारायणपुरम हल्दूचौड़ में भव्य जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। 2 फरवरी से 16 फरवरी 2026 तक चल रहे इस राष्ट्रीय अभियान के तहत आयोजित रैली में सैकड़ों स्थानीय नागरिकों, महिलाओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और ऊर्जा संरक्षण का संकल्प लिया।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने सौर ऊर्जा, बायो-ईंधन, हरित हाइड्रोजन एवं ऊर्जा दक्षता जैसे विषयों पर जागरूकता संदेश दिए। लोगों को एलईडी बल्ब, स्टार रेटिंग उपकरणों के उपयोग, ईंधन की बचत तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि तेल और गैस की बचत न केवल आर्थिक दृष्टि से लाभकारी है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर सुरुची इण्डेन गैस लालकुआँ इकाई के प्रतिनिधि जीवन सिंह बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य चम्पा पाण्डे, जसवन्त सिंह मेहरा ,मनोज तिवारी, किशन सिंह बिष्ट सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जीवन सिंह बिष्ट का संदेश:
जीवन सिंह बिष्ट ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि हम छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाएँ—जैसे गैस और पेट्रोल का सीमित उपयोग, सौर ऊर्जा को अपनाना और ऊर्जा दक्ष उपकरणों का प्रयोग—तो हम न केवल अपने खर्चों में कमी ला सकते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण भी सुनिश्चित कर सकते हैं। उन्होंने सभी से हरित ऊर्जा को अपनाने का आह्वान किया।
चम्पा पाण्डे का संदेश:
क्षेत्र पंचायत सदस्य चम्पा पाण्डे ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब प्रत्येक नागरिक ऊर्जा बचत को अपनी जिम्मेदारी समझे। उन्होंने महिलाओं और युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे अपने परिवार और समाज में ऊर्जा संरक्षण का संदेश फैलाएँ और सौर, बायो-ईंधन जैसी स्वच्छ ऊर्जा के प्रयोग को बढ़ावा दें।
रैली के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने तेल और गैस की बचत तथा हरित ऊर्जा अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया।