लालकुआँ। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी हरेन्द्र बोरा ने माँ अवंतिका देवी मंदिर पहुँचकर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा मंदिर परिसर में आयोजित सुंदरकाण्ड पाठ में श्रद्धापूर्वक सहभाग किया। इस दौरान उन्होंने हनुमान जी के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
इस अवसर पर हरेन्द्र बोरा ने सभी क्षेत्रवासियों को हनुमान जयंती की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि हनुमान जी की भक्ति से जीवन में साहस, आत्मविश्वास और सेवा की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि सुंदरकाण्ड पाठ व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है और संकटों से मुक्ति का मार्ग प्रशस्त करता है।
उन्होंने बताया कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ-साथ लोगों में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने का कार्य करते हैं। मंदिर परिसर में आयोजित सुंदरकाण्ड पाठ के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से प्रभु का स्मरण करते हुए क्षेत्र की उन्नति और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं ने माँ अवंतिका देवी तथा हनुमान जी के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया और हनुमान जयंती का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
