हल्दूचौड़। रिम्पी बिष्ट
आज गुरुवार को चिल्ड्रन्स एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आधुनिक एवं क्षेत्र की प्रथम राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग रेंज का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल अविजीत मेहरा (सीओ 79 बीएन एनसीसी, नैनीताल) रहे। उनके आगमन पर विद्यालय के निदेशक श्री श्रीष पाठक ने पौध भेंट कर उनका स्वागत किया।
सर्वप्रथम विद्यालय प्रांगण में स्थापित शूटिंग रेंज का रिबन काटकर उद्घाटन किया गया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि द्वारा एयर गन के माध्यम से निशानेबाजी कर विधिवत शुभारंभ किया गया।
शूटिंग रेंज के शुभारंभ के पश्चात कार्यक्रम का अगला चरण कृष्ण स्वरूप मेमोरियल ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया, जहाँ विद्यार्थियों द्वारा कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन किया गया।
अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने के लिए प्रेरित करते हुए भारतीय सेना में शामिल होने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने सेना के जीवन, अनुशासन और समर्पण की भावना से विद्यार्थियों को अवगत कराया तथा सेना के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी। उन्होंने यह भी बताया कि सेना की भूमिका देश की सुरक्षा के साथ-साथ आपदा प्रबंधन एवं विभिन्न राष्ट्रीय सेवाओं में भी अत्यंत महत्वपूर्ण रहती है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भी अपने विचार प्रस्तुत करते हुए सेना के प्रति सम्मान एवं उत्साह व्यक्त किया। शूटिंग रेंज के शुभारंभ के साथ ही विद्यालय में निशानेबाजी के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खुल गए हैं, जिससे छात्र-छात्राएँ अपनी प्रतिभा को निखार सकेंगे।
कार्यक्रम के दौरान निदेशक श्रीष पाठक ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। तत्पश्चात निदेशक एवं प्रधानाचार्य द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
इस अवसर पर एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर प्रियांशी पाठक, प्रधानाचार्या मोनिका जोशी शैक्षिक समन्वयक रेनू मिश्रा, नवनीत चौहान, अजय चौधरी, नीरज शर्मा, रिम्पी बिष्ट व मनोज सिंह, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
