कुचौली के गायत्री भवन में 27 मार्च को होगा श्री महालक्ष्मी एवं नवचंडी महायज्ञ व समष्टि भंडारा

ख़बर शेयर करें

 

बागेश्वर। माँ भद्रकाली की असीम अनुकंपा से आध्यात्मिक ऊर्जा और सनातन संस्कृति के संवर्धन के उद्देश्य से ग्राम कुचौली स्थित गायत्री भवन में आगामी 27 मार्च 2026 (शुक्रवार) को भव्य श्री महालक्ष्मी एवं नवचंडी महायज्ञ तथा समष्टि भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस दिव्य धार्मिक अनुष्ठान को लेकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजन समिति की ओर से बताया गया कि महायज्ञ का शुभारंभ प्रातः 9 बजे से होगा, जबकि समष्टि भंडारा दोपहर 1 बजे से प्रारंभ किया जाएगा। इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं को कुशण्डी ऋषि जी की तपोभूमि एवं प्राचीन यज्ञकुंड के दर्शन का भी विशेष अवसर प्राप्त होगा, जो इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
महायज्ञ में यज्ञाधीष के रूप में डॉ. स्वामी मोहनाचार्य जी तथा यज्ञाचार्य के रूप में श्री मनोज कृष्ण शास्त्री जी वैदिक विधि-विधान से अनुष्ठान सम्पन्न कराएंगे। आयोजन समिति ने समस्त श्रद्धालुओं से सपरिवार समय पर पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
मुख्य संरक्षक माँ भद्रकाली मंदिर समिति के योगेश पन्त सहित समस्त भक्तगणों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया है।