टनकपुर एक्सप्रेस में महिला यात्री का चोरी हुआ पर्स मिला, रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता से लौटी मुस्कान

ख़बर शेयर करें

 

बरेली, 12 मार्च 2026। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के प्रति संवेदनशीलता का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। 11 मार्च 2026 को रेल मदद एप के माध्यम से मंडल नियंत्रण कक्ष, इज्जतनगर को सूचना प्राप्त हुई कि गाड़ी संख्या 15091 दौराई–टनकपुर एक्सप्रेस के कोच संख्या एम1 में यात्रा कर रही एक महिला यात्री का पर्स चोरी हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बर्थ संख्या 18, 19, 21 व 22 पर आरक्षित यात्रियों के साथ यात्रा कर रही महिला का पर्स फुलेरा से चंदौसी के बीच कहीं चोरी हो गया था। सूचना मिलते ही ट्रेन में कार्यरत ट्रेन कंडक्टर श्री सुबोध कुमार ने तत्परता दिखाते हुए कई कोचों में पर्स की तलाश शुरू की। उनके लगातार प्रयासों के बाद पर्स कोच संख्या एम2 के बाथरूम में रखा हुआ मिला।
पर्स मिलने के बाद श्री सुबोध कुमार ने आरक्षण चार्ट पर उपलब्ध मोबाइल नंबर के माध्यम से यात्री से संपर्क कर उन्हें इसकी सूचना दी। पर्स में 7,200 रुपये नगद तथा कुछ आर्टिफिशियल ज्वेलरी रखी हुई थी।
गाड़ी के टनकपुर स्टेशन पहुंचने पर पर्स को रेल सुरक्षा बल पोस्ट टनकपुर के प्रभारी श्री रणदीप कुमार को सुपुर्द कर दिया गया तथा इसकी सूचना भी संबंधित यात्री को दे दी गई।
रेलवे कर्मचारियों की तत्परता और ईमानदारी से महिला यात्री को बड़ी राहत मिली और उन्होंने रेलवे प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।