हाईवे पर स्टंटबाजी पर सख्त कार्रवाई: SSP नैनीताल ने लिया संज्ञान, थार चालक हिरासत में, वाहन सीज व लाइसेंस निरस्त”

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी।
हल्द्वानी–नैनीताल हाईवे पर थार वाहन से खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। यह घटना 19 दिसंबर 2025 की रात्रि की बताई जा रही है, जिसमें वाहन संख्या UK06BC7200 (थार) के चालक ने सार्वजनिक मार्ग पर लापरवाही व उतावलेपन से वाहन चलाकर अपनी तथा आम नागरिकों की जान जोखिम में डाली।
एसएसपी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी द्वारा जांच करते हुए वाहन चालक की पहचान ब्रह्मजोत सिंह पुत्र सुशांत सिंह, निवासी उदयपुर दौलतपुर, हल्द्वानी, जनपद नैनीताल के रूप में की गई। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस टीम ने 20 दिसंबर 2025 को आरोपी चालक को हिरासत में लेते हुए खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर वाहन सीज किया तथा ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई भी अमल में लाई गई।
इस अवसर पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “स्टंटबाजी, हुड़दंग, अराजकता और कानून तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक मार्गों पर आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।”
नैनीताल पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे कानून का पालन करें, सुरक्षित ढंग से वाहन चलाएं और किसी भी प्रकार की स्टंटबाजी या हुड़दंग से दूर रहें। पुलिस की नजर लगातार ऐसे तत्वों पर बनी हुई है और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।