नैनीताल: मेरा युवा भारत नैनीताल, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में तथा राष्ट्रीय सेवा योजना, कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल के समन्वय से दिनांक 25 फरवरी 2026 को डीएसबी परिसर, नैनीताल में विकसित भारत युवा संसद–2026 का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में नैनीताल जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए 50 से अधिक युवाओं ने “आपातकाल के 50 वर्ष: भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक” विषय पर अपने विचार साझा किए। उद्घाटन सत्र का शुभारंभ प्रो. संजय पंत, डी एस डब्ल्यू, प्रो. ललित तिवारी, डॉ. शिवांगी चन्याल, एन एस एस कार्यक्रम अधिकारी एवं श्रीमती डॉल्वी तेवतिया द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रो. सुषमा टम्टा, प्रो. हरि प्रिया पाठक, डॉ. नवीन चंद्र पांडेय और श्री अंचल पंत शामिल रहे। श्रीमती डॉल्वी तेवतिया, उपनिदेशक, मेरा युवा भारत नैनीताल ने कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए कहा कि यह पहल युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक समझ और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से की गई है।
प्रो. ललित तिवारी ने युवाओं को विकसित भारत में उनकी भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवा राष्ट्र की ऊर्जा हैं और शिक्षा, नवाचार, लोकतांत्रिक सहभागिता एवं सामाजिक जिम्मेदारी के माध्यम से वे विकसित भारत के निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाते हैं।
प्रतियोगिता में 50 प्रतिभागियों में से शीर्ष 5 प्रतिभागियों— अर्नव त्रिपाठी, नकुल देव साह, नंदिनी जोशी, प्राची जोशी एवं दिपांशु— का चयन राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद–2026 के लिए किया गया, जहाँ उन्हें विधान सभा, देहरादून में अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। शीर्ष 10 प्रतिभागियों में कार्तिकेय, दीपक, तिलक, निहारिका एवं लक्षा शामिल रहे।
प्रमाण पत्र वितरण एवं समापन सत्र में मुख्य अतिथि दर्जा मंत्री श्रीमती शांति मेहरा उपस्थित रहीं। उन्होंने विजेताओं को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। श्रीमती मेहरा ने विकसित भारत 2047 पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि इसका लक्ष्य समावेशी विकास, मजबूत लोकतंत्र, तकनीकी नवाचार और सामाजिक न्याय पर आधारित है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिवांगी चन्याल एवं प्रो. ललित तिवारी ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में पत्रकार सुश्री सिमान जी, आरती, हितेश, वैशाली एवं दीपक का विशेष सहयोग रहा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
