चाय की प्याली पर मधुर संवाद, बढ़ा आपसी स्नेह

ख़बर शेयर करें

हल्दूचौड़। रिम्पी बिष्ट
चिल्ड्रन्स एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आज शनिवार को एक विशेष अभिभावक अभिमुखीकरण कार्यक्रम ‘चाय पर चर्चा’ का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय के श्री कृष्ण स्वरूप मैमोरियल सभागार में संपन्न इस संवादात्मक कार्यक्रम का उद्देश्य, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच सहयोग और समन्वय को सशक्त बनाते हुए बच्चों के समग्र विकास हेतु एक मजबूत मंच प्रदान करना था।
चाय की चुस्कियों के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में, अभिभावकों व शिक्षकों ने बच्चों के शैक्षणिक, मानसिक, सामाजिक और नैतिक विकास पर गहन विचार-विमर्श किया। यह आत्मीय संवाद न केवल विचारों के आदान-प्रदान का माध्यम बना, बल्कि आपसी विश्वास और सहभागिता को भी नई ऊँचाइयाँ प्रदान कर गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। कार्यकारी निदेशक प्रियांशी पाठक ने उपस्थित अभिभावकों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए कहा, कि ‘चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम विद्यालय और अभिभावकों के बीच आत्मीय संवाद का सेतु बनकर आपसी विश्वास और जुड़ाव को सुदृढ़ करता है।
कार्यक्रम की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि विद्यालय के 09 मेधावी विद्यार्थियों का ‘कृष्ण स्वरूप मैमोरियल छात्रवृत्ति’ हेतु चयन किया गया। चयनित विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान किए जाने हेतु औपचारिक पत्र भी भेंट किए गए। यह सम्मान विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को न केवल मान्यता देता है, बल्कि उन्हें और उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु प्रेरित भी करता है।
विद्यालय के निदेशक श्रीष पाठक ने ‘ॐ’ के उच्चारण के माध्यम से सकारात्मक वातावरण निर्मित करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने शैक्षणिक योजनाओं, मूल्य-आधारित शिक्षा दृष्टिकोण, अनुशासन नीति तथा छात्र सहायता प्रणाली की विस्तृत जानकारी साझा की। इससे अभिभावकों को विद्यालय की कार्यप्रणाली को निकट से समझने और बच्चों की प्रगति में सक्रिय सहभागिता निभाने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के दौरान उन अभिभावकों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने विद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता दिखाते हुए सकारात्मक सुझावों से शैक्षणिक परिवेश को समृद्ध किया।

खुले संवाद सत्र में अभिभावकों ने अपने विचार, अनुभव एवं सुझाव बेझिझक साझा किए, जिनका विद्यालय प्रबंधन ने खुले मन से स्वागत करते हुए भरोसा दिलाया कि अभिभावकों की भूमिका विद्यालय के विकास में सदैव महत्वपूर्ण मानी जाती है।
कार्यक्रम के समापन पर अभिभावकों ने ‘चाय पर चर्चा’ जैसी अभिनव पहल की सराहना करते हुए ऐसे संवादात्मक आयोजनों की निरंतरता की इच्छा व्यक्त की।
यह कार्यक्रम विद्यालय की उस सोच का प्रमाण बना, जो न केवल गुणवत्ता-पूर्ण शिक्षा बल्कि बच्चों के समग्र विकास एवं परिवारों के साथ सुदृढ़ साझेदारी को भी बराबर महत्व देता है।
इस अवसर पर विद्यालय अतिथि के रूप में विपिन कबड़वाल एवं नीरज कुमार शर्मा प्रधानाचार्या मोनिका जोशी शैक्षिक समन्वयक रेनू मिश्रा, समस्त विद्यालय स्टाफ, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक गण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ ।