पीपल पोखरा पनियाली में आदमखोर का आतंक, डीएम नैनीताल के सख्त निर्देश लापरवाही पर होगी कार्रवाई

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी, 25 फरवरी 2026
पीपल पोखरा एवं पनियाली क्षेत्र में आदमखोर वन्यजीव के हमलों में दो महिलाओं की मौत के बाद हालात गंभीर हो गए हैं। क्षेत्र में दहशत और जनाक्रोश के बीच जिलाधिकारी नैनीताल ने रामनगर के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) को तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने आदमखोर वन्यजीव की निरंतर ट्रैकिंग सुनिश्चित करने, ट्रैप कैमरा, ड्रोन और थर्मल तकनीक के व्यापक उपयोग तथा विशेषज्ञों की निगरानी में ट्रेंकुलाइज/कैप्चर अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। आवश्यकता पड़ने पर शूटर की तैनाती हेतु उच्च स्तर से अनुमति लेने को भी कहा गया है।
वन क्षेत्रों से लगे गांवों में दिन-रात गश्त, क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) की तैनाती, ग्रामीणों को एस्कॉर्ट सुविधा तथा स्कूल जाने वाले बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा के विशेष प्रबंध अनिवार्य किए गए हैं। मुनादी के माध्यम से अलर्ट जारी करने, रात्रि में अनावश्यक आवाजाही पर रोक तथा भीड़ नियंत्रण के लिए राजस्व और पुलिस विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई आज से ही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने पहली घटना के बाद की गई कार्रवाई की विस्तृत आख्या तलब करते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही पर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश भी डीएफओ को दिए हैं। साथ ही राजस्व, पुलिस और वन विभाग का संयुक्त कंट्रोल रूम बनाकर प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।
मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत राशि उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने दीर्घकालिक समाधान के तहत सोलर फेंसिंग एवं चेतावनी तंत्र की कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि इस गंभीर मामले में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।