हल्द्वानी की पहचान से जुड़ा है हल्दू का ऐतिहासिक पेड़

ख़बर शेयर करें

 

हल्द्वानी की पहचान से जुड़ा है हल्दू का ऐतिहासिक पेड़
– सदियों से बना हुआ है आस्था और इतिहास का प्रतीक
-हल्दू के पेड़ों के नाम पर पड़े मोटाहल्दू और हल्दूचौड़ जैसे क्षेत्रों के नाम -आज भी अपनी ऐतिहासिक विरासत समेटे खड़ा है हल्दूचौड़ का विशालकाय पेड़
नरेन्द्र सिंह बिष्ट
हल्द्वानी। हल्दू के पेड़ों से हल्द्वानी की पहचान का रिश्ता काफी पुराना है। यहां तक कि हल्दू के पेड़ों की बनावट के आधार पर आसपास के क्षेत्रों का नामकरण भी हुआ। जानकारों के अनुसार हल्दू के मोटे पेड़ों के कारण मोटाहल्दू और चौड़े पेड़ों के चलते हल्दूचौड़ नाम अस्तित्व में आया। भले ही आज इन क्षेत्रों में हल्दू के पेड़ नाममात्र के रह गए हों, लेकिन ये पेड़ अपने भीतर इतिहास की कई कहानियां समेटे हुए हैं।
हल्दूचौड़ के जग्गी बंगर में स्थित एक विशालकाय और ऐतिहासिक हल्दू का पेड़ आज भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। खास बात यह है कि हल्दू के पेड़ कुमाऊं मंडल विकास निगम के पर्यटन मानचित्र में भी दर्ज हैं। इस संबंध में डॉ. चंद्र बल्लभ चौनाल बताते हैं कि जब यहां बस्ती बसनी शुरू हुई थी, तब स्थानीय लोग इस पेड़ को एक लैंडमार्क के रूप में मानते थे। हालांकि पेड़ की वास्तविक आयु के संबंध में कोई प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध नहीं है, लेकिन क्षेत्र के बुजुर्ग बताते हैं कि वे बचपन से ही इस पेड़ को इसी विशाल स्वरूप में देखते आ रहे हैं। मंजुल चौनाल के अनुसार, करीब तीन दशक पहले इस पेड़ पर गिद्धों का बसेरा हुआ करता था, लेकिन अब ये पक्षी यहां से लगभग लुप्त हो चुके हैं। वर्तमान में पेड़ पर उल्लू और तोते अपना आशियाना बनाए हुए हैं। इसके अलावा विशेष अवसरों पर पेड़ के नीचे विशालकाय सर्प के दर्शन होने की बातें भी स्थानीय लोगों द्वारा बताई जाती हैं।

पेड़ के नीचे बने हैं कालिका माता और गुरु गोरखनाथ के मंदिर

यह भी पढ़ें 👉  अनंत यात्रा पर निकले हल्दूचौड़ के मिलनसार व्यवसायी भुवन चन्द्र लोहनी, चित्रशिला घाट पर नम आँखों से दी गई अंतिम विदाई

इस ऐतिहासिक पेड़ का धार्मिक महत्व भी कम नहीं है। इसके नीचे कालिका माता और गुरु गोरखनाथ के मंदिर बने हुए हैं। मंजुल चौनाल बताते हैं कि पेड़ के नीचे स्थित मंदिर को साक्षात फलदायी माना जाता है। मंदिर से जुड़ी कई मान्यताएं और लोगों के अनुभव क्षेत्र में प्रचलित हैं।

यह भी पढ़ें 👉  हल्दूचौड़ में भक्ति और उल्लास का महासंगम: बाबा श्री खाटू श्याम जी का भव्य जन्मोत्सव संपन्न, 800 से अधिक भक्तों ने चखा प्रसादी का स्वाद

उन्होंने बताया कि एक समय यहां किराये पर एक शिक्षक दंपती रहा करता था। उनका तबादला नहीं हो पा रहा था। ऐसे में उनके बेटे ने मंदिर में मनौती मांगी कि यदि उसके माता-पिता का तबादला हो जाएगा तो वह मंदिर में एक सिक्का चढ़ाएगा। मान्यता है कि बच्चे की प्रार्थना स्वीकार हुई और उसके माता-पिता का तबादला हो गया। इसके बाद बच्चे ने मंदिर में एक सिक्का चढ़ाया। ललित मोहन चौनाल बताते हैं कि कालिका माता की प्रतिमा कोलकाता से एक महिला के शरीर में अवतरित होकर यहां लाई गई थी। वहीं गुरु गोरखनाथ को मुक्तेश्वर के पास सूंड क्षेत्र से यहां लाया गया था।

यह भी पढ़ें 👉  दीपावली के 11 दिन बाद अवंतिका कुंज में ऐसा क्या हुआ कि आलोकित हो उठा पूरा लालकुआँ? सांसद भट्ट और डीएम रयाल ने साझा किए ईगास के अनसुने रहस्य!

पनियाली में भी मौजूद है ऐसा ही ऐतिहासिक पेड़
हल्दू का एक ऐसा ही पुराना पेड़ कठघरिया के पास पनियाली क्षेत्र में भी स्थित है। यहां के नरेंद्र सिंह बिष्ट बताते हैं कि यह पेड़ भी काफी पुराना है। क्षेत्र के बुजुर्गों के अनुसार, उन्होंने इस पेड़ को बचपन से ही इसी स्वरूप में देखा है।

हल्दू के ये विशालकाय पेड़ केवल प्राकृतिक धरोहर नहीं, बल्कि क्षेत्र के इतिहास, सांस्कृतिक पहचान और धार्मिक आस्था के भी प्रतीक हैं। जरूरत है कि इन ऐतिहासिक पेड़ों का संरक्षण किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी हल्द्वानी की इस अनमोल विरासत से परिचित हो सकें

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad