लालकुआं (नैनीताल)।
द्वापर युग में जब देवराज इंद्र के अभिमान और प्रकोप के कारण लगातार सात दिनों तक मूसलाधार वर्षा से नंदगांव के ग्वालों एवं गोधन का जीवन संकट में पड़ गया था, तब योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण के जिस अनन्य सखा और परम गो-भक्त के विनय पर कन्हैया ने गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठिका उंगली पर धारण कर समूचे ब्रजमंडल की रक्षा की थी,उसी अलौकिक शक्ति और अखंड तपस्या के प्रतीक महायोगी श्री काशीदास बाबा का भव्य पूजन समारोह लालकुआं स्थित आईटीसी पेपर मिल न्यू कॉलोनी में असीम श्रद्धा, भक्ति और अपार हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। श्री काशीदास बाबा पूजा कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इस पावन अनुष्ठान में परंपरा, संस्कृति और लोक-आस्था का ऐसा त्रिवेणी संगम देखने को मिला कि पूरा परिसर ‘जय श्री काशीदास बाबा’ और ‘हरे कृष्णा’ के जयकारों से गूंज उठा।
समारोह का शुभारंभ प्रात:काल पूर्ण विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार एवं कलश-पूजन के साथ हुआ, जिसके उपरांत दोपहर बारह बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर दिव्य महाप्रसाद ग्रहण किया। दोपहर के महाप्रसाद के पश्चात सांझ ढलते ही पूरा वातावरण योगेश्वर श्रीकृष्ण और बाबा काशीदास के भजनों के रस में डूब गया। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में सुप्रसिद्ध भोजपुरी लोक कलाकारों प्रमोद कुमार भारती (बनारसी) एवं कविता बनारसी के मध्य संगीत का भव्य महामुकाबला और बाबा को समर्पित पारंपारिक बिरहा गायन प्रस्तुत किया गया, जिसकी ओजस्वी प्रस्तुति ने देर रात तक उपस्थित विशाल जनसमूह को भाव-विभोर कर मंत्रमुग्ध बनाए रखा।
धार्मिक सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ समाजसेवी हेमवती नंदन दुर्गापाल ने बाबा की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जो भी भक्त अपने श्रद्धापुष्प बाबा के चरणों में अर्पित करता है, उसके समस्त रोग, शोक, दारिद्र्य और विपदाओं का स्वतः निवारण हो जाता है। महान गो-सेवक के रूप में विख्यात बाबा काशीदास की तपोभूमि बलिया जिले का दोआबा क्षेत्र एवं समाधि स्थल बक्सर माना जाता है। परांकुश मुनि की शिष्य परंपरा की नौवीं पीढ़ी के आत्मारामी संत स्वामी रामानंद जी के शिष्यत्व से जुड़ी यह पावन धारा सदियों से उत्तर भारत के जनमानस, विशेषकर यादव समाज द्वारा अपने पशुधन की रक्षा और कृषि की खुशहाली के लिए सावन माह में पूजी जाती रही है। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट सामाजिक व पत्रकारीय योगदान के लिए वरिष्ठ समाजसेवी हेमवती नंदन दुर्गापाल तथा प्रेस क्लब अध्यक्ष बी. सी. भट्ट को कमेटी द्वारा शॉल ओढ़ाकर भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया।
आयोजन को ऐतिहासिक और भव्य रूप देने में अध्यक्ष बृजेश यादव, महामंत्री राम पाल यादव व विद्याशंकर यादव, वरिष्ठ संरक्षक विद्यानंद यादव (विजयानंद यादव) तथा जगदेव यादव का कुशल मार्गदर्शन रहा। वहीं पूजा कमेटी के कर्मठ सदस्यों में धर्मेन्द्र यादव, अवधेश यादव, राजेश यादव (राकेश यादव), जितेन्द्र यादव, गुलाब यादव, शंकर यादव, मदन यादव, संजय यादव अजय यादव, छोटेलाल यादव भोला यादव, सुनील यादव अनिल यादव, राधेश्याम यादव लालता यादव, चन्दन यादव विनोद यादव, सुखारी यादव सुखदेव यादव, रामबचन यादव, रामजनम यादव रामबृक्ष यादव, मंटू यादव मुन्ना यादव, नगीना यादव दिनेश यादव, सुरेन्द्र यादव रामप्रवेश यादव सहित सहयोगी सदस्यगण अशोक यादव, रमेश यादव, मुन्ना यादव, सुभाष यादव, ललिता यादव, जगनाथ यादव, सूरज पाल यादव, हरिमोहन यादव, हृदयानन्द यादव एवं समस्त सदस्यों का अनुकरणीय सहयोग रहा। कार्यक्रम के समापन पर कमेटी के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, कलाकारों और उपस्थित धर्मप्रेमी जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
