हल्द्वानी। रिम्पी बिष्ट
सेल्फ रिलायंस इनिशिएटिव के द्वारा शीशमहल रामलीला मैदान में आयोजित प्रथम महिला रामलीला में नारद मोह की लीला ने चार चांद लगा दिए।
इस दौरान प्रथम दिन ही भारी संख्या में महिलाओं की भागीदारी ने उद्धघाटन अवसर को अभूतपूर्व बना दिया।
पहले दिन की महिला रामलीला में नारद मोह की लीला, रावण, कुम्भकर्ण, विभीषण का भगवान की तपस्या कर वरदान मांगना तथा कैलाश पर्वत उठाने का प्रयास करना और शिव तांडव स्तोत्र की रचना का आकर्षक मंचन किया गया।
यहां नारद मोह की लीला में गीता नैनवाल नारद की भूमिका में, वही शिव तांडव स्तोत्र की रचना में कमला जीना ने भगवान शिव व दीपा कोश्यारी रावण के किरदार में थी।

रामलीला मंचन में जब रावण ने कैलाश पर्वत उठाने का प्रयास किया तो भगवान शिव ने उसे अपने अंगूठे से दबा दिया। इसके बाद दर्द के बीच रावण ने शिव तांडव स्तोत्र सुनकर भगवान शिव को प्रसन्न किया। जब कलाकारों ने यह सब मंचन कर रामलीला को जीवंत किया तो तालियों की गड़गड़ाहट ने माहौल में उत्साह का संचार किया।
यहां जया तिवारी और टीना जोशी ने जय और विजय की भूमिका निभाई, जबकि भावना बोरा ने कामदेव की भूमिका निभाई।
इस अवसर पर हल्द्वानी नगर निगम के पूर्व महापौर डॉ जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, आचार्य कैलाश चन्द्र पांडे व व्यवस्थापक गिरीश चन्द्र तिवारी व मनोज तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर महिला रामलीला का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर शीशमहल महिला रामलीला की आयोजक सेल्फ रिलायंस इनिशिएटिव की अध्यक्ष तनुजा जोशी व डायरेक्टर मुकेश कुमार जोशी ने बताया कि शीशमहल महिला रामलीला को लेकर क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह व जिज्ञासा बनी हुई है। प्रथम आयोजन व प्रथम दिवस की लीला में भारी संख्या में दर्शकों का आना हमें प्रोत्साहित करता है।
उन्होंने बताया कि महिला रामलीला का मुख्य उद्देश्य नारी शक्ति को उजागर करना, संस्कृति का संरक्षण करना और समाज को मर्यादा पुरुषोत्तम राम के आदर्शों के प्रति जागरूक करना है। यह केवल धार्मिक मंचन नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण का एक अनूठा उदाहरण है।
संचालन रिम्पी बिष्ट ने किया।
यहां महामंत्री कौशलेंद्र भट्ट, मिथुन जायसवाल, समीर शुक्ला, तारा चन्द्र उप्रेती, दिनेश फुलारा, पुष्पा संभल, एनडी तिवारी, विक्रम सिंह डंगवाल, सुरेश चंद्र तिवारी, मोहन चन्द्र ब्ल्यूटिया, मोहन अधिकारी, नारायण दत्त सनवाल, केशव दत्त तिवारी, मोहन चन्द्र जोशी, गौरव जोशी, मकरंद प्रताप सिंह, कामिनी पाल, योगिता बनोला, योगेंद्र साहू, सीमा देवल, शालिनी गुप्ता, ऊषा मुकेश, पूर्व जिला पंचायत सदस्य नीरज तिवारी, योगेश भोज, सुरेंद्र रौतेला, योगेश शर्मा, मनोज गुणवंत, पंकज बत्रा, विकास राठौर, ममता जोशी सहित तमाम लोग उपस्तिथ थे।
कार्यक्रम का लाइव प्रसारण पंकज बत्रा फोटोग्राफी हल्द्वानी से किया जा रहा है।
आयोजको ने बताया कि आज की लीला में राम जन्म, तड़का वध व सुबाहु मारीच संहार दिखाया जाएगा। उन्होंने दर्शकों से अधिक से अधिक संख्या में आने की अपील की।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
