लालकुआँ। दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के तत्वावधान में अंबेडकर पार्क लालकुआँ में आयोजित पाँच दिवसीय भगवान शिव कथा इन दिनों क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का केंद्र बनी हुई है। कथा के तीसरे दिन 9 अप्रैल को कथा व्यास सुश्री सोमा भारती जी अपनी मधुर, ओजस्वी और प्रेरणादायक वाणी से माँ पार्वती के शक्तिस्वरूपा माँ जगदम्बा के जन्म दिवस का पावन प्रसंग सुनाएंगी। संस्थान की ओर से सभी माँ भक्तों से अपील की गई है कि अधिक से अधिक संख्या में शाम 3 बजे अंबेडकर पार्क पहुँचकर शिव कथा का श्रवण करें और अपने जीवन को धन्य बनाएं।
मंगलवार से प्रारंभ हुई इस भव्य शिव कथा के प्रथम एवं द्वितीय दिवस पर कथा व्यास सुश्री सोमा भारती जी ने भगवान शिव के विभिन्न नामों, स्वरूपों तथा उनकी दिव्य महिमा का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान शिव त्याग, तपस्या, करुणा और सरलता के प्रतीक हैं तथा शिव कथा के श्रवण मात्र से मनुष्य के अनेक पाप नष्ट हो जाते हैं और जीवन में शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
कथा व्यास ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि रुद्राक्ष भगवान शिव का साक्षात स्वरूप माना गया है और इसका धारण करना अत्यंत पुण्यदायक होता है। शिव कथा केवल कथा नहीं, बल्कि आत्मिक उन्नति का एक श्रेष्ठ माध्यम है, जो व्यक्ति को धर्म, सेवा और सदाचार के मार्ग पर अग्रसर करती है।
तीसरे दिन माँ पार्वती के दिव्य जन्म प्रसंग के श्रवण को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। क्षेत्र के अनेक श्रद्धालु कथा स्थल पर पहुँचकर भगवान शिव और माँ पार्वती की महिमा का श्रवण कर स्वयं को धन्य अनुभव कर रहे हैं। कथा स्थल पर भक्ति का वातावरण निरंतर गूंज रहा है और श्रद्धालुओं का उत्साह दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है।
इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन पवन कुमार चौहान, समाजसेवी राजकुमार सेतिया, नवजोत भारती, अनीता भारती, रितु भारती, नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी, सभासद धन सिंह बिष्ट, भुवन पांडे, योगेश उपाध्याय, सुरेश शाह, भाजपा नेता प्रदीप बिष्ट, प्रदीप जनौटी, हेमंत पांडे, व्यापार मंडल अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट, नरेश चौधरी, रामपाल शर्मा, राजकुमार, दीप लोहानी, धीरज भट्ट, नारायण सिंह बिष्ट सहित सैकड़ों श्रद्धालु कथा में उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं।
शिव कथा के आध्यात्मिक वातावरण ने पूरे लालकुआँ क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया है। श्रद्धालुओं का कहना है कि भगवान शिव के पावन चरित्रों का श्रवण करने से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है और मन को अद्भुत शांति प्राप्त होती है। तीसरे दिन की कथा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुँचने की संभावना है।
संस्थान की ओर से पुनः सभी श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शिव कथा का श्रवण करें और इस दुर्लभ आध्यात्मिक अवसर का लाभ उठाएँ।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
