हल्द्वानी में तीन दिवसीय डिजिटल जनगणना प्रशिक्षण सम्पन्न

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी, 25 फरवरी 2026: भारत की जनगणना 2027 को लेकर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को सर्किट हाउस काठगोदाम में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने की। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनरों द्वारा अधिकारियों को डिजिटल जनगणना प्रक्रिया, मोबाइल ऐप्स के माध्यम से डेटा संग्रह, और जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (सी.एम.एम.एस. पोर्टल) का उपयोग करने संबंधी जानकारी दी गई।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से संपन्न किया जाए। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक डिजिटल जनगणना बिना किसी भेदभाव के और पूर्ण निष्ठा के साथ की जानी चाहिए।
जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण और आवास गणना) 25 अप्रैल से 24 मई 2026 के बीच होगा। द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक होगी, जबकि उत्तराखण्ड के हिम आच्छादित क्षेत्रों में यह 11 से 30 सितंबर 2027 के बीच आयोजित होगी। आम जनता अपना डेटा सी.एम.एम.एस. पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपलोड कर सकते हैं। इसके लिए स्वजनगणना की समयावधि 10 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर उपनिदेशक जनगणना प्रवीण कुमार ने अधिकारियों के सवालों का समाधान किया और उन्हें राष्ट्रीय योजना एवं नीति निर्माण में जनगणना के महत्व, पदाधिकारियों की भूमिका और दायित्वों की जानकारी दी। कार्यक्रम में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, जिला विकास अधिकारी/सहायक जिला जनगणना अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, मास्टर ट्रेनर शिवानी जेटली, नितीश रावत सहित समस्त तहसीलदार, नगर पंचायत और नगरपालिका अधिकारी, तकनीकी सहायक और सेन्सस क्लर्क उपस्थित थे।