रुद्रपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: हल्दूचौड़ के युवक नीरज फुलारा की मौत, बहन गंभीर

ख़बर शेयर करें

 

रुद्रपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: हल्दूचौड़ के युवक नीरज फुलारा की मौत, बहन गंभीर
लालकुआं। हल्दूचौड़ क्षेत्र के बच्चीधर्मा निवासी 25 वर्षीय नीरज फुलारा की रुद्रपुर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बड़ी बहन प्रियंका गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार नीरज अपनी बहन और अन्य परिजनों के साथ रुद्रपुर में एक रिश्तेदार के नामकरण संस्कार में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद नीरज और उनकी बहन प्रियंका बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पत्थरचट्टा के पास उनकी बाइक एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि नीरज की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायल प्रियंका को उपचार के लिए हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि लगभग 15 वर्ष पूर्व नीरज के पिता भुवन फुलारा की भी होली के दौरान एक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। एक ही परिवार में दो दर्दनाक सड़क हादसों से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है और स्थानीय लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं।