लालकुआँ में वन विभाग द्वारा अग्नि सुरक्षा गोष्ठी का आयोजन, ‘मेरा बाघ मेरा मित्र’ अभियान के तहत किया जागरूक
लालकुआँ, 1 मई 2026
आज लालकुआँ डिपो नंबर 4 के समीप स्थित माँ अवंतिका कुंज मंदिर परिसर में गौला वन क्षेत्र वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा एक महत्वपूर्ण ‘अग्नि सुरक्षा गोष्ठी’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम लालकुआँ के विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर वन विभाग के कर्मचारियों ने वनाग्नि की रोकथाम और अग्नि सुरक्षा उपायों पर विस्तार से चर्चा की तथा लोगों को वनों को आग से बचाने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही, ‘मेरा बाघ मेरा मित्र’ कार्यक्रम के तहत स्थानीय जनता के बीच वन्यजीव संरक्षण को लेकर एक विशेष जन जागरूकता अभियान भी चलाया गया। इसका मुख्य उद्देश्य वन्यजीवों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए जनमानस को जागरूक करना था।
इस महत्वपूर्ण गोष्ठी में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों और स्थानीय निवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, नगर पंचायत लालकुआँ के पूर्व अध्यक्ष लालचन्द्र सिंह, पूर्व चेयरमैन पवन चौहान और वार्ड नंबर 2 के सभासद धन सिंह बिष्ट मौजूद रहे।
इनके अलावा वन विभाग की ओर से वन दरोगा संदीप सूठा, सुखवीर कौर (वन दरोगा), बलवंत सिंह (वन बीट अधिकारी), भुवन सिह (वन बीट अधिकारी) सहित राजेन्द्र प्रसाद जोशी, हयात सिंह, मदन मोहन सिंह, जाहिद अली, भूपेन्द्र सिंह महरा, मनोज, राहुल मित्तल और जीशान अहमद आदि ने अपनी उपस्थिति दर्ज कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
इस अवसर पर विधायक लालकुआँ, डॉ. मोहन सिंह बिष्ट की ओर से विशेष संदेश देते हुए कहा गया
”मेरे प्रिय लालकुआँ और क्षेत्रवासियों,
हमारा उत्तराखंड प्राकृतिक संपदा और समृद्ध वनों से घिरा हुआ है, जो हमारे लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। आज डिपो नंबर 4 के समीप अवंतिका कुंज में वन विभाग द्वारा आयोजित ‘अग्नि सुरक्षा गोष्ठी’ में मुझे यह देखकर अत्यंत प्रसन्नता हुई कि वन विभाग के साथ-साथ हमारे क्षेत्र की जागरूक जनता भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति गंभीर है।
गर्मियों के इस मौसम में वनाग्नि एक बहुत बड़ी चुनौती बन जाती है, जिससे न केवल बहुमूल्य वन संपदा नष्ट होती है, बल्कि वन्यजीवों के जीवन पर भी भारी संकट आ जाता है। मैं आप सभी से विनम्र अपील करता हूँ कि वनों को आग से बचाने में वन विभाग का पूरा सहयोग करें। जंगल हमारी अमूल्य धरोहर हैं, इनकी सुरक्षा हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। जंगलों के आस-पास ज्वलनशील सामग्री न छोड़ें और आग लगने की किसी भी घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दें।
इसके साथ ही, ‘मेरा बाघ मेरा मित्र’ अभियान के तहत वन्यजीवों के संरक्षण का जो संदेश आज जनमानस तक पहुंचाया गया है, वह समय की मांग है। वन्यजीव हमारे पारिस्थितिकी तंत्र का अभिन्न अंग हैं। हमें उनके साथ संघर्ष नहीं, बल्कि सह-अस्तित्व की भावना से रहना सीखना होगा।
मैं इस सफल और सार्थक कार्यक्रम के आयोजन के लिए वन विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करता हूँ। आइए, हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि हम अपने वनों और वन्यजीवों की रक्षा करेंगे।
आपका अपना,
डॉ. मोहन सिंह बिष्ट
विधायक, लालकुआँ विधानसभा”
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
