बरेली, 17 मार्च 2026। पूर्वोत्तर रेलवे के पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल अंतर्गत स्थित गुरसहायगंज रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत लगभग 10.50 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं के साथ पुनर्विकसित किया जा रहा है।
यह स्टेशन उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले का महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है, जो कानपुर, लखनऊ, कासगंज, फर्रुखाबाद और बरेली जैसे प्रमुख शहरों से जुड़ा हुआ है। इस कारण यह स्टेशन आसपास के व्यापारिक और कृषि क्षेत्रों के लिए काफी उपयोगी है। कन्नौज को अपनी ऐतिहासिक इत्र उद्योग के कारण “इत्रनगरी” के नाम से भी जाना जाता है और यहां से गेहूं, आलू तथा धान जैसे कृषि उत्पादों का परिवहन भी बड़े पैमाने पर किया जाता है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार आगामी 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्टेशन का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इसके तहत लगभग 386 वर्गमीटर क्षेत्रफल में नया स्टेशन भवन बनाया गया है, जिसमें जन-औषधि केंद्र, आधुनिक शौचालय, टी-स्टॉल और कार्यालय की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा प्लेटफार्म संख्या 1 और 2 पर नई सरफेसिंग और ग्रेनाइट कार्य, नया यात्री हाल, आरक्षण कार्यालय, आकर्षक फसाड, सर्कुलेटिंग एरिया और ड्रेनेज व्यवस्था का निर्माण किया गया है।

स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए दिव्यांगजन अनुकूल शौचालय, वाटर बूथ, हेल्प बूथ, कम ऊंचाई वाली टिकट खिड़की तथा करीब 900 मीटर लंबा रैंप बनाया गया है। वहीं 640 वर्गमीटर क्षेत्र में पीपी शेल्टर, नया पैदल ऊपरी पुल (फुटओवर ब्रिज) और वीआईपी कक्ष का भी उन्नयन किया गया है। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप साइनेज, आकर्षक फसाड लाइटिंग और अन्य सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि स्टेशन के आधुनिकीकरण से यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी तथा क्षेत्रीय व्यापार और कृषि परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
