राष्ट्रीय तिलहन मिशन के तहत हल्दूचौड़ में सोयाबीन क्रांति की शुरुआत, 800 हेक्टेयर में 2000 किसानों को मिलेगा लाभ

ख़बर शेयर करें

हल्दूचौड़/नैनीताल।
राष्ट्रीय तिलहन मिशन योजना के अंतर्गत कृषि विभाग नैनीताल द्वारा गंगा दुग्ध एवं कृषि उत्पादक संगठन सहकारी समिति लिमिटेड के तत्वावधान में जनपद नैनीताल के विकासखंड हल्द्वानी एवं कोटाबाग में सोयाबीन की खेती को बढ़ावा देने हेतु व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। योजना के तहत लगभग 800 हेक्टेयर भूमि में करीब 2000 किसानों को जोड़कर सोयाबीन उत्पादन को नई दिशा देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसी क्रम में बमेठा बंगर केशव स्थित इन्द्रा आवासीय कालोनी में एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों को उन्नत एवं वैज्ञानिक विधि से सोयाबीन की खेती के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कृषि उत्पादक संगठन के सीईओ अशोक सिंह रावत ने बताया कि राष्ट्रीय तिलहन मिशन योजना के अंतर्गत किसानों को तीन वर्षों तक निःशुल्क सोयाबीन बीज उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही समय-समय पर फसल की देखरेख, तकनीकी मार्गदर्शन एवं मिट्टी की जांच की सुविधा प्रदान कर उत्पादन बढ़ाने में सहयोग किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि किसानों द्वारा उत्पादित सोयाबीन की खरीद स्वयं किसान उत्पादक संगठन द्वारा की जाएगी और उसे बाजार में उचित मूल्य पर विक्रय किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सोयाबीन से तेल, बड़ी एवं अन्य उत्पाद तैयार कर उनकी मार्केटिंग की जाएगी, जिससे किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर शशि रावत एवं वीरेन्द्र बिष्ट ने सोयाबीन की उन्नत खेती, बीज चयन, रोग नियंत्रण एवं उत्पादन तकनीक पर विस्तार से जानकारी दी तथा किसानों को शिक्षण सामग्री भी वितरित की गई।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान श्रीमती जीवंती बमेठा, क्षेत्र पंचायत सदस्य चम्पा पाण्डे, युवा समाजसेवी कार्तिक बमेठा सहित दर्जनों कृषक उपस्थित रहे। किसानों ने योजना के प्रति उत्साह व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था के लिए लाभकारी कदम बताया।