बरेली, 26 फरवरी 2026।
पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में आज मझोला पकड़िया रेलवे स्टेशन पर ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला, जब 12035/12036 टनकपुर-दिल्ली-टनकपुर जनशताब्दी पूर्णागिरि एक्सप्रेस का 2 मिनट का प्रायोगिक ठहराव प्रारंभ किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री, भारत सरकार श्री जितिन प्रसाद ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।
मझोला पकड़िया रेलवे स्टेशन पर आयोजित भव्य समारोह में केंद्रीय मंत्री श्री जितिन प्रसाद ने कहा कि यह ठहराव क्षेत्रवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग थी, जिसे रेलवे प्रशासन ने आज पूरा कर दिया है। उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि अब स्थानीय जनता, स्कूली बच्चों, किसानों और व्यापारियों को पीलीभीत, बरेली, मुरादाबाद एवं दिल्ली तक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल यात्रा की सुविधा उपलब्ध हो गई है।
उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के ठहराव से छात्र-छात्राएं अन्य जनपदों में उच्च शिक्षा के लिए आसानी से आवागमन कर सकेंगे। किसान अपने कृषि उत्पादों को बड़े शहरों में बेहतर दाम पर बेच सकेंगे, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी। साथ ही आम नागरिक अपने दैनिक एवं आवश्यक कार्य कम समय और कम खर्च में निपटा सकेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के विकास हेतु लखनऊ और दिल्ली से और भी लाभकारी योजनाएं लाने का प्रयास किया जाएगा।
इससे पूर्व अतिथियों का स्वागत करते हुए अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री मनोज कुमार ने कहा कि टनकपुर जनशताब्दी एक्सप्रेस का मझोला पकड़िया में ठहराव होने से यहां के यात्रियों की सीधी कनेक्टिविटी पीलीभीत, टनकपुर, बरेली, मुरादाबाद होते हुए दिल्ली से स्थापित हो गई है। इससे व्यापार, चिकित्सा, रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में क्षेत्रवासियों को व्यापक लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे का इज्जतनगर मंडल अपने यात्रियों को उन्नत एवं आरामदायक सुविधाएं प्रदान करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी आवश्यकतानुसार यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जाता रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री संजीव शर्मा द्वारा किया गया। समारोह में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
