उधम सिंह नगर। जहां पूरे जनपद उधम सिंह नगर में होली के रंगीले गीतों की धूम मची हुई है, वहीं शांतिपुरी में इस बार होली का आयोजन कुछ अलग अंदाज में देखने को मिला। पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ. लता उपाध्याय के आवास पर महिलाओं की होलियार टीम ने गीत-संगीत के माध्यम से सामाजिक और राजनीतिक विषयों पर रोचक प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम के दौरान एक महिला होलियार हेमा जोशी ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रूप धारण कर होली गायन के बीच एंट्री की। ‘मोदी जी’ को अपने बीच पाकर सभी होलियार महिलाओं ने गीतों और संवादों के जरिए जंगली व पालतू जानवरों से खेती को हो रहे नुकसान, किसानों की अन्य समस्याएं, हर घर जल योजना की जमीनी हकीकत जैसे मुद्दों को बड़े ही अनोखे अंदाज में प्रस्तुत किया।
महिलाओं ने होली गीतों के माध्यम से सरकारी योजनाओं की वास्तविक स्थिति पर सवाल उठाए और व्यंग्यात्मक अंदाज में कटाक्ष भी किया। ‘मोदी जी’ के रूप में उपस्थित महिला बार-बार “हाथ-हाथ” कहते हुए इशारे करती नजर आईं, जिससे कार्यक्रम में हास्य और व्यंग्य का समावेश हुआ।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. गणेश उपाध्याय भी मौजूद रहे। महिलाओं ने उनके समक्ष भी अपनी बात रखते हुए कहा कि विगत वर्षों में आम जनमानस कई समस्याओं से जूझ रहा है। प्रस्तुति के अंत में ‘मोदी जी’ के रूप में आई महिला ने हाथ उठाकर संकेत दिया कि अब परिवर्तन का समय आने वाला है।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. लता उपाध्याय ने शाल ओढ़ाकर ‘मोदी जी’ की भूमिका निभाने वाली महिला को सम्मानपूर्वक विदा किया। इस रंगारंग होली आयोजन में जानकी उपाध्याय, पुष्पा कोरंगा, पिंकी उपाध्याय, मीना पंत, नीमा जोशी, उमा पंत, ललिता जोशी, दीपा जोशी, तनुजा मेहता, दीपा कोरंगा, नीमा कोरंगा, खीमा कोरंगा, गीता कोरंगा सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं।
शांतिपुरी की यह अनोखी होली न केवल मनोरंजन का माध्यम बनी, बल्कि सामाजिक सरोकारों को गीतों के जरिए सामने लाने का सशक्त उदाहरण भी साबित हुई।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
