माँ भद्रकाली की कृपा से सजेगी रंगों की महफ़िल, पंचायत घर में गूंजेगी सांस्कृतिक होली

ख़बर शेयर करें

 

हल्द्वानी। पंचायत घर स्थित गायत्री एयरकान प्राइवेट लिमिटेड में आज होली पर्व को लेकर विशेष उत्साह का वातावरण बना हुआ है। दिन में जहाँ कंपनी के स्टाफ द्वारा प्रेम, सौहार्द और उत्साह के साथ रंगों की होली खेली जाएगी, वहीं सायंकाल पारंपरिक होली गायन का भव्य आयोजन किया जाएगा।
सायंकालीन कार्यक्रम की शुरुआत माँ भद्रकाली की विधिवत पूजा-अर्चना और वंदना के साथ होगी। माँ भद्रकाली को शक्ति, साहस और संरक्षण की अधिष्ठात्री देवी के रूप में पूजा जाता है, और उनकी कृपा से ही हर शुभ कार्य का आरम्भ मंगलमय माना जाता है।
खन्तोली और कुचौली गाँव के स्वजन पारंपरिक बैठकी होली एवं लोकधुनों के माध्यम से क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत करेंगे। यह आयोजन पंचायत घर स्थित कंपनी स्वामी एवं माँ भद्रकाली मंदिर के आचार्य योगेश पन्त के आवास से प्रारम्भ होगा।
आचार्य योगेश पन्त ने सभी स्वजनों एवं क्षेत्रवासियों से विशेष रूप से सायंकालीन होली उत्सव में सहभागिता का आग्रह करते हुए कहा कि माँ भद्रकाली की वंदना के साथ मनाई जाने वाली यह होली हमारी आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है।
आज पंचायत घर परिसर में भक्तिरस, शक्ति उपासना और सांस्कृतिक रंगों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा, जहाँ माँ भद्रकाली की कृपा से प्रेम, भाईचारा और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होगा।