नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिखाई “रन फॉर अवेयरनेस” रैली को हरी झंडी

ख़बर शेयर करें

 

पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हल्द्वानी में नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत आयोजित “रन फॉर अवेयरनेस” रैली को एमबी इंटर कॉलेज मैदान से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रैली को रवाना करने से पूर्व मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि यह दौड़ केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, समृद्ध और नशामुक्त उत्तराखंड के निर्माण का संकल्प है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि इस दौड़ के माध्यम से पूरे प्रदेश में यह संदेश पहुंचे कि उत्तराखंड का युवा अब नशे को “ना” और जीवन को “हाँ” कह रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा एक “साइलेंट वार” की तरह समाज में फैल रहा है, जिसका सबसे बड़ा प्रभाव युवाओं पर पड़ता है। कई बार युवा मजाक-मजाक में इसकी चपेट में आ जाते हैं और फिर बाहर निकलना कठिन हो जाता है। इससे केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार की खुशियां प्रभावित होती हैं।
उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2020 में शुरू किए गए नशा मुक्त भारत अभियान से प्रेरणा लेकर राज्य सरकार मिशन मोड में कार्य कर रही है। वर्ष 2022 में गठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा हजारों आरोपियों की गिरफ्तारी तथा बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों की बरामदगी की गई है। साथ ही राज्य में एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी (एटीएफ) केंद्रों का संचालन किया जा रहा है और सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में ऐसे केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए ‘दगड़िया क्लब’ बनाए गए हैं, जो युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध यह लड़ाई केवल कानून से नहीं, बल्कि समाज की जागरूकता और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से जीती जा सकती है।
उन्होंने सभी युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए कहा कि यदि उत्तराखंड की युवा शक्ति सही दिशा में आगे बढ़े, तो वह पूरे भारत के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
कार्यक्रम में स्वामी रामेश्वरम हरि, डॉ. हरीश रौतेला, राम सिंह कैड़ा, गजराज सिंह बिष्ट, प्रताप बिष्ट, भारत भूषण, डॉ. अशोक पाल, सुरेंद्र सिंह नामधारी, शंकर कोरंगा, शांति महरा, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, रेनू अधिकारी, ध्रुव रौतेला, सुरेश भट्ट, योगेंद्र सिंह रौतेला सहित दीपक रावत, ललित मोहन रयाल एवं डॉ. मंजूनाथ टी.सी. समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और युवा उपस्थित रहे।