पनियाली वन क्षेत्र में बाघ हमले में महिला की मौत, कांग्रेस ने प्रशासन की नाकामी पर जताया आक्रोश

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी, पनियाली (फतेहपुर वन क्षेत्र):
पनियाली वन क्षेत्र में एक अत्यंत दुःखद घटना में श्रीमती कमला फ़र्त्याल की बाघ हमले में मृत्यु हो गई। जानकारी के अनुसार महिला जंगल में घास काटने गई थी, तभी बाघ ने उस पर हमला किया। यह घटना इलाके में सुरक्षा की गंभीर कमी को उजागर करती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना पहली नहीं है। लगभग 20 दिन पहले भी इसी क्षेत्र में बाघ ने एक महिला को मार डाला था। इन घटनाओं के बावजूद वन विभाग गंभीर कार्रवाई नहीं कर रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों में गहरा आक्रोश है।
इस मामले पर कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता नीरज तिवारी ने कड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह घटना न केवल दुखद है, बल्कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की घोर विफलता को भी दर्शाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि कब तक क्षेत्रवासी बाघ और गुलदार के शिकार होते रहेंगे और क्या सरकार केवल घटनाओं के बाद बयान देने तक सीमित रहेगी।
नीरज तिवारी ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई कर आदमखोर बाघ को पकड़ या समाप्त नहीं किया गया, तो वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय, फतेहपुर में अनिश्चितकालीन तालाबंदी की जाएगी। इसके लिए पूरी जिम्मेदारी वन विभाग की होगी।
उन्होंने कहा, “अब धैर्य जवाब दे चुका है और जनसुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” उन्होंने पनियाली कटघरिया वन क्षेत्र में शव के साथ लगाई गई चक्का जाम को जनता की स्वाभाविक अभिव्यक्ति और पूर्ण समर्थन बताया।
स्थानीय प्रशासन और वन विभाग से अपील की जा रही है कि जंगल में किसी भी तरह की लकड़ी या घास काटने की गतिविधियों से बचा जाए और लोग सुरक्षित रहें।