सुयालगाड़ में रंगों की बौछार: ‘आओ पिया होली आ रही है’ की धुन पर झूमीं महिलाएं

ख़बर शेयर करें

रामगढ़ (नैनीताल)। जनपद नैनीताल के रामगढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सुयालगाड़ में इस वर्ष भी होली का पर्व पारंपरिक उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया जा रहा है। गांव की महिलाओं ने सामूहिक होली गायन और नृत्य के माध्यम से पूरे क्षेत्र को रंगमय बना दिया।
होली के रंग में सराबोर महिलाओं ने ‘आओ पिया होली आ रही है’ जैसे पारंपरिक गीतों की मधुर धुन पर जमकर थिरकते हुए वातावरण को उत्साह से भर दिया। ढोलक की थाप और मंजीरों की खनक के बीच गांव का आंगन भक्तिमय और आनंदमय हो उठा। महिलाओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर सुख-समृद्धि और आपसी भाईचारे की कामना की।
ग्रामीणों ने बताया कि सुयालगाड़ में इस प्रकार की पारंपरिक होली वर्षों से मनाई जाती रही है। नई पीढ़ी भी इस सांस्कृतिक विरासत को पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ा रही है। सामूहिक गायन और नृत्य ने न केवल स्थानीय लोगों को आनंदित किया, बल्कि क्षेत्र में होली की विशेष रौनक भी बिखेर दी।
ग्राम की महिलाओं ने कहा, “हमारी परंपराएं ही हमारी पहचान हैं। होली के ये गीत और नृत्य हमें अपनी जड़ों से जोड़े रखते हैं।”
गांव में होली का यह पारंपरिक उत्सव सामाजिक एकता, सांस्कृतिक संरक्षण और आपसी प्रेम का सशक्त संदेश दे रहा है।