मुक्तेश्वर/नैनीताल: मुक्तेश्वर की शांत और खूबसूरत वादियों में रविवार की सुबह एक अनोखी हलचल देखने को मिली। विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर जब पर्यटक यहां की हसीन वादियों का दीदार करने पहुंचे, तो चौली की जाली और प्रसिद्ध महादेव मंदिर के इर्द-गिर्द का नजारा देखकर हैरान रह गए। प्रशासनिक अधिकारी, बड़े-बड़े होटल व्यवसायी, होम-स्टे संचालक और स्थानीय गाइड किसी बड़े मिशन के लिए एकजुट नजर आए।
हैरानी तब खत्म हुई जब पता चला कि यह हुजूम किसी विरोध या औपचारिकता के लिए नहीं, बल्कि प्रकृति के आंचल को संवारने के लिए जुटा था। नैनीताल जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ कार्यक्रम के तहत पर्यटन विभाग द्वारा यहां एक सघन स्वच्छता अभियान छेड़ा गया था। देखते ही देखते पर्यटन स्थलों से कचरा हटाकर इलाके की सूरत बदल दी गई।
इस सराहनीय मुहिम का नेतृत्व जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चन्द्र आर्य ने किया। उनके साथ मुक्तेश्वर होटल एसोसिएशन के सुदर्शन सिंह साही, सचिव विक्रम सिंह बिष्ट और होम-स्टे एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र उनियाल ने पूरी टीम के साथ मोर्चा संभाला। स्थानीय व्यवसायी सुभाष जी, होटल सुकामा के प्रतिनिधि, दीपक सिंह मतोलिया, चन्दन सिंह बिष्ट, प्रताप सिंह जनरल, मो. गफ्फार, दयाकिशन, पंकज हर्बोला, मो. नसीम और विनीत सहित कई लोगों ने खुद आगे आकर सफाई की कमान संभाली।
धरोहरों को चमकाने के इस सफल अभियान के बाद होटल सुकामा में एक विशेष गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें मुक्तेश्वर की प्राकृतिक सुंदरता को अक्षुण्ण रखने और आने वाले पर्यटकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का साझा संकल्प लिया गया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
