मोटाहल्दू।
कारगिल शहीद सैनिक स्कूल, मोटाहल्दू में आयोजित वार्षिकोत्सव समारोह देशभक्ति, संस्कृति और युवा ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा। कार्यक्रम में भाजपा युवा प्रदेश महामन्त्री दीपेन्द्र कोश्यारी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
दीपेन्द्र कोश्यारी ने कहा कि कारगिल के वीर शहीदों की स्मृति में स्थापित यह विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और अनुशासन का संस्कार स्थल है। उन्होंने कहा, “आज का विद्यार्थी ही कल का नेतृत्व करेगा। यदि आप अभी से अपने लक्ष्य स्पष्ट रखें, अनुशासन अपनाएं और माता-पिता व गुरुओं का सम्मान करें, तो सफलता निश्चित है।”
उन्होंने बच्चों को अपनी संस्कृति, भाषा और परंपराओं से जुड़ाव बनाए रखने का आह्वान किया। “आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कारों का ज्ञान अनिवार्य है। तकनीकी ज्ञान आपको आगे बढ़ाएगा, लेकिन संस्कार आपको ऊँचाई पर टिकाए रखेंगे,” उन्होंने कहा।
विद्यालय के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि मंच पर प्रस्तुति देने से आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों की भी प्रशंसा की, जिन्होंने बच्चों को योग्य नागरिक बनाने में निरंतर प्रयास किया है।
समारोह में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, अभिभावक और क्षेत्रीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम देशभक्ति गीतों और रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
