लालकुआँ/हल्दूचौड़। क्षेत्रवासियों के बेहतर स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 24 फरवरी 2026 को सामुदायिक भवन इंद्रा आवास में एक दिवसीय निःशुल्क विशाल स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर प्रातः 10:00 बजे से प्रारंभ होगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए युवा समाजसेवी कार्तिक बमेठा ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं जांच की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि आमजन समय रहते अपनी स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कर सकें और उचित उपचार प्राप्त कर सकें।
उन्होंने बताया कि शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उपस्थित रहेगी, जिनमें फिजिशियन डॉक्टर (सामान्य रोग विशेषज्ञ), महिला चिकित्सा अधिकारी (स्त्री रोग विशेषज्ञ), वरिष्ठ नेत्र टेक्नीशियन (आंखों की जांच हेतु), तथा फार्मासिस्ट एवं अन्य स्वास्थ्य विशेषज्ञों की टीम शामिल होगी।
शिविर की प्रमुख विशेषताओं में निःशुल्क परामर्श, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, आंखों की निःशुल्क जांच, आवश्यक दवाइयों की जानकारी एवं वितरण शामिल है।
कार्तिक बमेठा ने क्षेत्र के सभी सम्मानित नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाएं और अपने आसपास के लोगों को भी इसकी जानकारी दें, ताकि कोई भी व्यक्ति स्वास्थ्य सुविधा से वंचित न रहे।
“स्वस्थ रहें, खुशहाल रहें” के संदेश के साथ यह शिविर समाजसेवा और जनकल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
