लालकुआं में आर-पार: रात को अंधेरा, सुबह कूड़े का डेरा… क्या कोतवाल के तबादले तक थमी रहेंगी शहर की व्यवस्थाएं?

ख़बर शेयर करें

 

कोतवाल के तबादले पर अड़े सफाईकर्मी, एसडीएम की वार्ता जारी; समर्थकों के जमावड़े और नारेबाजी से बढ़ा तनाव

लालकुआं। ओवरलोड और ओवरहाइट वाहनों की आवाजाही को लेकर शुरू हुई एक चिंगारी अब पूरे शहर की व्यवस्था को प्रभावित करने लगी है। नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी और लालकुआं कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा के बीच छिड़ा यह टकराव अब सीधे शहर की मूलभूत सुविधाओं पर भारी पड़ रहा है।

विरोध की आंच इतनी तेज हुई कि नगर पंचायत द्वारा पूरी रात शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था बंद रखे जाने के बाद, गुरुवार सुबह सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई। सफाई कर्मचारियों के काम पर न पहुंचने के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में कूड़े के अंबार लग गए और जगह-जगह गंदगी पसर गई।

शहर की सफाई व्यवस्था ठप होने की सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी (एसडीएम) रेखा कोहली ने मोर्चा संभाला और तत्काल नगर पंचायत कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत के साथ बैठक कर सफाई व्यवस्था को फौरन सुचारू करने के निर्देश दिए। इसके बाद जब सफाई कर्मचारियों को मौके पर बुलाया गया, तो उन्होंने दो-टूक शब्दों में अल्टीमेटम दे दिया कि जब तक कोतवाली प्रभारी निरीक्षक का स्थानांतरण नहीं किया जाता, तब तक वे सफाई कार्य शुरू नहीं करेंगे।

कर्मचारियों के इस कड़े रुख के बाद मामला और अधिक गरमा गया है। एक ओर एसडीएम रेखा कोहली और नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी के बीच समाधान को लेकर वार्ता चल रही है, तो दूसरी ओर नगर पंचायत कार्यालय पर अध्यक्ष के समर्थन में महिलाओं और पुरुषों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा है। सफाईकर्मियों के साथ-साथ नगरवासियों ने भी अध्यक्ष के पक्ष में नारेबाजी शुरू कर दी है।

कोतवाल और नगर पंचायत अध्यक्ष के बीच की इस तकरार ने पूरे शहर की सफाई और प्रकाश व्यवस्था को संकट में डाल दिया है। अब प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती इस विवाद का हल निकालने के साथ-साथ शहर की ठप पड़ी मूलभूत सुविधाओं को तत्काल बहाल कराने की है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad