हल्दूचौड़। रिम्पी बिष्ट
चिल्ड्रंस एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा, सम्मान और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने दोनों महान राष्ट्रनायकों के जीवन-मूल्यों को स्मरण करते हुए सत्य, अहिंसा, सादगी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या मोनिका जोशी, शैक्षिक समन्वयक रेनू मिश्रा एवं प्रबंधक नंदा बल्लभ जोशी द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर कक्षा 12वीं की छात्रा आयशा रावत एवं कक्षा 11वीं की छात्रा आकांक्षा पाण्डे ने प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत करते हुए महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष, विचारों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने ‘गांधी जी की उत्तराखंड यात्रा’, ‘स्वच्छता ही सेवा है’ तथा ‘एकल उपयोग प्लास्टिक को कहें ना’ जैसे समसामयिक एवं प्रेरणादायी विषयों पर निबंध लेखन के माध्यम से अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को गांधी जी के विचारों, स्वच्छता के महत्व तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा प्रस्तुत महात्मा गांधी के प्रिय भजनों का सामूहिक गायन रहा। भजनों की मधुर स्वर-लहरियों से विद्यालय परिसर भावपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण से भर उठा। विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।
‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत विद्यालय प्रांगण में विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। इस दौरान विद्यालय परिवार ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिकता का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
विद्यालय परिवार ने महात्मा गांधी के सत्य एवं अहिंसा के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नैतिक मूल्यों एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना को और अधिक प्रबल किया।
इस अवसर पर विद्यालय की डायरेक्टर एग्जीक्यूटिव प्रियांशी पाठक, प्रधानाचार्या मोनिका जोशी, शैक्षिक समन्वयक रेनू मिश्रा, प्रबंधक नंदा बल्लभ जोशी, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
