गोपीपुरम् गेट पर बहन गुड्डी की दुकान पर रुककर खरीदे स्थानीय उत्पाद; ‘वोकल फॉर लोकल’ को दिया बढ़ावा
हल्दूचौड़ (नैनीताल): सड़क पर वीआईपी काफिला पूरी गति से आगे बढ़ रहा था। सुरक्षाकर्मियों की मुस्तैदी और गाड़ियों की कतार के बीच अचानक सांसद के वाहन के पहिए अचानक एक जगह थम गए। बिना किसी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अचानक गाड़ी रुकते देख काफिले में शामिल सुरक्षाकर्मी चौकन्ने हो गए और राहगीर भी उत्सुकता से देखने लगे। लेकिन इसके ठीक बाद जो हुआ, उसने वहां मौजूद हर व्यक्ति का दिल जीत लिया।
सांसद अजय भट्ट हल्दूचौड़ स्थित एक विद्यालय के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। यात्रा के दौरान जैसे ही उनका काफिला गोपीपुरम् गेट के पास पहुंचा, सड़क किनारे लगे एक छोटे से फड़ (दुकान) पर उनकी नजर पड़ी। वहां एक स्थानीय महिला, बहन गुड्डी जी, पहाड़ के पारंपरिक कृषि उत्पाद सजाए बैठी थीं। एक स्वावलंबी महिला के संघर्ष और परिश्रम को देखकर सांसद खुद को रोक नहीं पाए और तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई।
गाड़ी से उतरकर सांसद भट्ट सीधे बहन गुड्डी के फड़ पर पहुंचे। उन्होंने अत्यंत आत्मीयता से उनका कुशलक्षेम पूछा और उनके स्वरोजगार के प्रयासों की सराहना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए उन्होंने फड़ से उत्तराखंड के प्रसिद्ध पारंपरिक उत्पाद—राजमा, भट्ट की दाल और गहत (गोहद) की दाल खरीदी।
सांसद को अपनी छोटी सी दुकान पर ग्राहक के रूप में पाकर बहन गुड्डी का चेहरा खुशी से खिल उठा। सांसद ने उनकी पीठ थपथपाते हुए कहा कि आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ा रहीं ऐसी बहनें समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
“हमारा एक छोटा-सा प्रयास स्थानीय उत्पादों को बड़ा मंच दिला सकता है। जब हम अपने आस-पास के उत्पादकों से खरीदारी करते हैं, तो न केवल स्थानीय उद्यमियों को संबल मिलता है, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध कृषि और पारंपरिक अनाजों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलती है।” — अजय भट्ट, सांसद
उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी अपील की कि वे स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाएं और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं। बिना किसी औपचारिकता के सड़क किनारे घटी यह संवेदनशील और प्रेरणादायक घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें


