राष्ट्रीय गौरक्षा वाहिनी गौसेवा संघ के उत्तराखंड प्रभारी बने रवि गुप्ता, सर्वसमाज को साथ लेकर करेंगे गौसेवा
देहरादून। राष्ट्रीय गौरक्षा वाहिनी गौसेवा संघ के संगठन का विस्तार करते हुए रवि गुप्ता को उत्तराखंड का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव सिंह सेंगर और राष्ट्रीय संरक्षक व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य इंद्रेश कुमार के नेतृत्व में की गई है। वर्ष 1970 से संघ के पूर्णकालिक प्रचारक रहे वरिष्ठ नेतृत्व की सनातन और सामाजिक समरसता की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए संगठन उत्तराखंड में गौसेवा के कार्यों को तेज करेगा।

संगठन की एक विशेष पहल के तहत समाज के सभी वर्गों, विशेषकर मुस्लिम समाज को भी एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के माध्यम से समाज में एक सकारात्मक संदेश दिया जा रहा है। संघ ने मुस्लिम समाज सहित सभी नागरिकों से गौसेवा के लिए एक साथ आने की अपील की है। साथ ही मुस्लिम समाज के लोगों से खुद को गौ-तस्करी से दूर रखने और दूसरों को भी इससे बचाने का आह्वान किया गया है। संगठन ने स्पष्ट रूप से कहा है कि यदि कोई भी व्यक्ति गौ-तस्करी में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और इसमें किसी भी धर्म या जाति के आधार पर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए नवनियुक्त उत्तराखंड प्रभारी रवि गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव सिंह सेंगर और राष्ट्रीय संरक्षक इंद्रेश कुमार के कुशल नेतृत्व में उन्हें जो उत्तराखंड की जिम्मेदारी सौंपी गई है, वे उसका पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही प्रदेश में एक मजबूत टीम का गठन कर गौसेवा और समाजसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे और सर्वसमाज में एकजुटता का एक बेहतरीन संदेश देने का काम करेंगे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
