डीएवी स्कूल में धूमधाम से मना हिंदी दिवस: विविध प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा हिंदी केवल संवाद का साधन नहीं, आत्मीयता और संस्कारों की भाषा है: प्रधानाचार्य अमित जोशी
हल्द्वानी: डी.ए.वी. सेंटेनरी पब्लिक स्कूल, हल्द्वानी में 14 सितम्बर को ‘हिंदी दिवस’ गरिमामय व उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों में राष्ट्रभाषा के प्रति अनुराग और भाषाई कौशल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विविध शैक्षिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ।
समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने कविता वाचन, सारगर्भित भाषण, भावपूर्ण हिंदी गीत, नृत्य तथा विचारोत्तेजक नाट्य मंचन में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके साथ ही पोस्टर मेकिंग, स्लोगन (नारा) लेखन और हिंदी सामान्य ज्ञान क्विज प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति से हिंदी भाषा की समृद्ध परंपरा और गरिमा को रेखांकित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अमित जोशी ने सभी प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को हिंदी की ऐतिहासिक व व्यावहारिक महत्ता से अवगत कराया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा:
“हिंदी हमारी अभिव्यक्ति की सरल व सहज भाषा होने के साथ-साथ राष्ट्र की आत्मीयता का प्रतीक है। देश की प्रगति और सांस्कृतिक एकता में हिंदी का योगदान अनुपम है। इसका संरक्षण, संवर्धन और दैनिक जीवन में समुचित प्रयोग हम सभी का परम दायित्व है।”
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
