अल्मोड़ा।
अल्मोड़ा नगर के जोशी खोला और थपलिया क्षेत्र इन दिनों तेंदुए के आतंक से भय के साए में हैं। बीते कई दिनों से क्षेत्र में तेंदुए को खुलेआम घूमते देखे जाने से स्थानीय लोगों में दहशत के साथ-साथ गहरा आक्रोश भी फैल गया है। लगातार तेंदुए की सक्रियता सामने आने के बावजूद समय पर ठोस कार्रवाई न होने से लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही थी।
यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पूर्व भी इन क्षेत्रों में तेंदुए की मौजूदगी की शिकायतें सामने आई थीं, लेकिन उस समय वन विभाग द्वारा महज औपचारिक गश्त कर मामले को नजरअंदाज कर दिया गया, जिससे हालात और अधिक गंभीर हो गए। आलम यह है कि लोग अपने घरों, गलियों और आसपास के रास्तों में स्वयं को असुरक्षित महसूस करने लगे हैं।
गांधी पार्क वार्ड के पार्षद एडवोकेट दीपक कुमार जोशी द्वारा सूचना दिए जाने पर सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने तत्काल वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया। उन्होंने क्षेत्र में निरंतर रात्रिकालीन गश्त, पुलिस के माध्यम से व्यापक मुनादी और तेंदुए को पकड़ने के लिए तत्काल पिंजरा लगाए जाने की मांग जोरदार तरीके से उठाई।
जनआक्रोश और लगातार दबाव के बाद वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा स्थापित कर दिया है। विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और पूरे क्षेत्र में निगरानी के साथ रात्रिकालीन गश्त तेज कर दी गई है।
प्रभागीय वनाधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि जोशी खोला और थपलिया क्षेत्रों में वन विभाग की टीमें पूरी तरह सक्रिय हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने आम नागरिकों से सतर्क रहने और विभाग को सहयोग देने की अपील की है।
इधर पार्षद एडवोकेट दीपक कुमार जोशी और सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने संयुक्त रूप से प्रशासन को चेताया है कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि रात के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें, बच्चों और बुजुर्गों को अकेला न छोड़ें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग या पुलिस को दें।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
