धामी ज्यू आब देर नि लगाओ, जल्दी राजस्व ग्राम बढ़ाओ’—हास्य कलाकार जीवन दानू ने चुटीले अंदाज में याद दिलाया चुनावी गणित
बिंदुखत्ता, 15 सितंबर। बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर वन अधिकार संगठन बिंदुखत्ता द्वारा चलाया जा रहा घर-घर जनसंपर्क एवं जनजागरूकता अभियान लगातार जारी है। अभियान के तहत आज पदयात्रा का 32वां दिन रहा। पदयात्रा 17 एकड़ से शुरू होकर सुभाषनगर, पटेलनगर और मुल्तान नगरी होते हुए बाजपुर चौराहे पर पहुंची, जहां आज की पदयात्रा का विश्राम हुआ।
पदयात्रा के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से घर-घर संपर्क कर बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाए जाने की आवश्यकता और इसके महत्व की जानकारी दी तथा आगामी 27 सितम्बर**, रविवार को प्रस्तावित जनसभा एवं विशाल रैली** को सफल बनाने के लिए ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी का आह्वान किया। बिंदुखत्ता के 32 गांवों में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक कर आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन दिलाना है। अभियान के तहत गांव-गांव रात्रि में भजन-कीर्तन एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से भी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इस बीच उत्तराखंड के प्रसिद्ध हास्य कलाकार जीवन दानू ने अपने चुटीले अंदाज में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की मांग करते हुए कहा—
“धामी ज्यू आब् तदुक देर नि लगाओ, जल्दी राजस्व ग्राम बढ़ाओ। ध्यान धरिया हाँ कि यो बिंदुखात्त वाल्नैकि वोट बटी एक विधायक तय हुँ, आब् यैकि अनदेखी नै करिया।”
संगठन ने कहा कि बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा दिलाने की मांग किसी राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों के मूलभूत अधिकार, सम्मान और भविष्य से जुड़ा विषय है। ग्रामीणों का कहना है कि वे लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग को सरकार तक पहुंचाते रहेंगे और जब तक उनकी मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं होता, संघर्ष जारी रहेगा।आज रात्रि शिव मंदिर, पश्चिम राजीवनगर में भजन-कीर्तन एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
आज की पदयात्रा में संगठन के अध्यक्ष उमेश चंद्र भट्ट, अर्जुन नाथ गोस्वामी, बलवंत बिष्ट, नंदन बोरा, चंचल सिंह कोरंगा, ममता बिष्ट, दीपक रौतेला, बलवंत परिहार, कैप्टन सुंदर सिंह खनका, भवान सिंह कठायत, गोविंद गिरी, हरीश रजवार, कैप्टन खुशाल सिंह कोश्यारी, सोहन लाल, गोपाल नेगी, नवीन जोशी, भूपेश जोशी, दौलत सिंह कोरंगा, जीवन पांडे, दीपक पाठक, दीपू पाण्डे, दानी कोरंगा, विरेन्द्र कार्की, सुन्दर कोरंगा, करम सिंह कोरंगा, मीना मेहता सहित सैकड़ों महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने भागीदारी की।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
