हल्द्वानी/बेरीपड़ाव। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति के दूसरे दिन के सत्र के आरंभ से पूर्व, बेरीपड़ाव स्थित सिद्ध पीठ अष्टादश भुजा माता महालक्ष्मी मंदिर का पावन प्रांगण एक अत्यंत भव्य, गरिमामयी और आध्यात्मिक क्षण का साक्षी बना। सुबह की पावन बेला में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंदिर पहुँचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा देश व प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए माँ के पावन चरणों में शीश नवाया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, नैनीताल सांसद अजय भट्ट, क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट तथा भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेन्द्र कोश्यारी सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।
पूजा-अर्चना के उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भावविभोर होकर कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड के कण-कण में देवता निवास करते हैं। अपनी समृद्ध विरासत, सनातन संस्कृति और अमर शहीदों के प्रति समर्पित यह पावन भूमि सदैव इसी प्रकार ऊर्जावान बनी रहेगी। उन्होंने वीरभूमि के त्याग और सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इसी पावन अवसर पर एक ऐसा अविस्मरणीय और गरिमामयी क्षण आया जिसने वहाँ उपस्थित हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। वरिष्ठ सांसद अजय भट्ट, माँ अवंतिका मंदिर समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण खाती, लेखक रमाकान्त पन्त तथा मंदिर के मुख्य आचार्य पण्डित चन्द्रशेखर जोशी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अत्यंत श्रद्धाभाव के साथ ‘आदि शक्ति माँ अवंतिका’ पुस्तक भेंट की। इसके साथ ही, माँ भगवती के दिव्य आशीर्वाद स्वरूप दोनों शीर्ष नेताओं को माँ अवंतिका की पावन चुनरी व मंगल पट्टिका पहनाकर उनका भावभीना अभिनन्दन किया गया।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि भेंट की गई यह कृति ‘आदि शक्ति माँ अवंतिका’ न केवल क्षेत्र की समृद्ध धार्मिक व ऐतिहासिक धरोहर का सजीव दस्तावेज है, बल्कि यह देवभूमि की अलौकिक शक्ति-परंपरा और आध्यात्मिक चेतना को जन-जन तक पहुँचाने वाला एक अनुपम प्रयास है। उन्होंने कहा कि लेखक रमाकान्त पन्त ने अत्यंत निष्ठा और गहन शोध के साथ इस पावन ग्रंथ की रचना कर समाज को एक अनमोल उपहार दिया है।
कार्यक्रम के दौरान अपने आशीर्वचन देते हुए वरिष्ठ महामण्डलेश्वर स्वामी सोमेश्वर यति महाराज ने कहा कि ‘आदि शक्ति माँ अवंतिका’ केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि सनातन धर्म और शक्ति उपासना के गूढ़ आध्यात्मिक रहस्यों को उद्घाटित करने वाला एक दिव्य प्रकाश-स्तंभ है। उन्होंने लेखक रमाकान्त पन्त के इस भगीरथ प्रयास की भूरि-भूरि सराहना करते हुए कहा कि माँ भगवती की असीम अनुकंपा और साधना के बिना ऐसा प्रामाणिक व कालजयी सृजन संभव नहीं है। यह ग्रंथ युवा पीढ़ी में धर्म, संस्कृति और लोक-आस्था के प्रति गहरी चेतना जागृत करेगा।
इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी माँ भगवती की महिमा का भावपूर्ण स्मरण करते हुए उनकी अलौकिक शक्ति की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि माँ अवंतिका का आशीर्वाद अनादि काल से देवभूमि उत्तराखण्ड पर बरसता रहा है। माँ की असीम कृपा और पावन ऊर्जा ही जनमानस के संकटों को हरकर समूचे प्रदेश को सुख, शांति और समृद्धि की ओर अग्रसर करती है। उन्होंने कहा कि माँ की दिव्यता को समर्पित यह ग्रंथ समाज को अपनी आध्यात्मिक जड़ों से जोड़ने का अद्भुत माध्यम बनेगा।
वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पुस्तक के पृष्ठों को पलटते हुए उसका अत्यंत गहराई, तन्मयता और सूक्ष्मता से अवलोकन किया। उन्होंने पुस्तक में समाहित दुर्लभ शोध, सांस्कृतिक प्रामाणिकता और सुरुचिपूर्ण प्रस्तुति की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह कृति आने वाली पीढ़ियों को सनातन शक्ति-साधना और देवभूमि के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने में मील का पत्थर साबित होगी। महालक्ष्मी धाम में सम्पन्न हुए इस गरिमामयी प्रसंग ने पूरे वातावरण को असीम आस्था और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
