सक्षम के ‘धीमहि’ प्रकल्प पर 11वां दिव्यांग पुनर्वास शिविर संपन्न: भारी बारिश के बीच 10 दिव्यांगजनों को मिली सेवाएं, आवासीय व्यवस्था पर बनी सहमति
देहरादून (13 सितंबर): ‘सक्षम भारत, समर्थ भारत’ के ध्येय के साथ सक्षम प्रांत उत्तराखंड द्वारा संचालित “धीमहि” दिव्यांग सेवा प्रकल्प के तत्वावधान में साप्ताहिक दिव्यांगजन पुनर्वास श्रृंखला का 11वां शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के बावजूद दिव्यांगजन और उनके परिजन पुनर्वास सेवाओं का लाभ लेने केंद्र पहुंचे।
शिविर में पहुंचे 10 दिव्यांगजनों को विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान दिव्यांगजनों के विशिष्ट दिव्यांग पहचान पत्र (UDID कार्ड), पेंशन तथा खेलकूद प्रशिक्षण से संबंधित आ रही समस्याओं का त्वरित संज्ञान लेते हुए उनका मौके पर ही समाधान किया गया।
शिविर के दौरान कुछ अभिभावकों ने दिव्यांग बच्चों के बेहतर भविष्य और देखभाल के लिए केंद्र में आवासीय व्यवस्था (रेजिडेंशियल फैसिलिटी) शुरू करने का विशेष अनुरोध किया। सक्षम पदाधिकारियों ने अभिभावकों की इस प्रार्थना पर सकारात्मक विचार-विमर्श करते हुए शीघ्र अति शीघ्र आवश्यक व्यवस्थाएं जुटाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर सक्षम प्रांत अध्यक्ष ललित पंत, प्रांत युवा प्रमुख कमल पंत तथा सक्षम जिला देहरादून के सचिव राजेश कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। शिविर में पुनर्वास साइकोलॉजिस्ट सुश्री श्रुति गुप्ता और पुनर्वास विशेषज्ञ एवं प्रांत सह-सचिव अनंत प्रकाश मेहरा ने दिव्यांगजनों की काउंसलिंग कर अपनी तकनीकी सेवाएं प्रदान कीं।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
