जनभावनाओं के अनुरूप एवं बगैर किसी भेदभाव के, तय की गई हैं विकास की प्राथमिकताएं : सुरेन्द्र सिंह लोटनी

ख़बर शेयर करें

+ चेयरमैन का दायित्व संभालते ही श्री लोटनी ने सर्वप्रथम दो मॉह तक कराया लालकुआं नगर पंचायत क्षेत्र का व्यापक सर्वे
+ नगर क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी जरूरतों को चिन्हित कर, पहले ज्वलन्त समस्याओं पर किया जा रहा है फोकस
+ नये विकास कार्यों के साथ ही पहले के निर्माण आदि कार्यों को भी व्यवस्थित स्वरूप देने का नगर पंचायत ने लिया है निर्णय
+ टीम भावना से कार्य करते हुए नगर पंचायत को एक मॉडल पंचायत बनाना चाहते हैं श्री लोटनी

लालकुआं ( नैनीताल ), नगर पंचायत क्षेत्र में त्वरित, सन्तुलित एवं समग्र विकास के लिए जन आकांक्षाओं की समझ और जनभावनाओं का सम्मान बहुत जरूरी है । इसीलिए नगर पंचायत लालकुआं द्वारा जनभावनाओं के अनुरूप और बगैर किसी भेदभाव के, विकास कार्यों की प्राथमिकताएँ तय की गयी हैं, ताकि हर तबके तक लाभ पहुंचाया जा सके ।
यह बात आज यहाँ नगर पंचायत लालकुआं के कर्मठ एवं ऊर्जावान चेयरमैन सुरेन्द्र सिंह लोटनी ने अपने दफ्तर में ” शैल शक्ति ” समाचार पोर्टल के साथ एक बातचीत के दौरान कही 

चेयरमैन श्री लोटनी से जब पूछा गया कि अब तक उन्होंने क्या कुछ नया किया और आगे विकास कार्यों को लेकर क्या कार्ययोजना है । इस पर चेयरमैन ने कहा कि 7 फरवरी 2025 को चेयरमैन के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ के साथ ही सर्वप्रथम उन्होंने नगर पंचायत के अधिकारियों एवं पंचायत वार्ड सदस्यों की एक टीम गठित कर नगर पंचायत क्षेत्र का पूरे दो मॉह तक व्यापक सर्वे कराया । सर्वे का उद्देश्य यह पता लगाना था कि किस वार्ड की क्या समस्या है, विकास को लेकर क्या मांगें हैं और आम लोगों की ज्वलन्त समस्याएं और जरूरी माँगे क्या हैं।
श्री लोटनी ने कहा कि विस्तृत सर्वे में प्रत्येक वार्ड की अलग-अलग समस्याओं तथा अलग-अलग मागों को चिन्हित किया गया, साथ ही विकास को लेकर लोगों के महत्वपूर्ण सुझाव भी सामने आये । उन्होंने कहा कि सर्वे रिपोर्ट को ध्यान में रखकर ही विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है । यानी नगर की जनता के लिए जो कार्य पहले जरूरी हैं, फिलहाल उन पर ज्यादा फोकस किया जा रहा है।
चेयरमैन श्री लोटनी ने कहा कि नगर क्षेत्र में बड़े विकास कार्यों में भूमि का संकट हमेशा से ही बड़ी बाधा रही है, इसलिए इस दिशा में गम्भीर प्रयास शुरू किये गये हैं। भूमि उपलब्ध होने पर निश्चित रूप से विकास को गति मिलेगी । उन्होंने कहा कि शुरुआत में नगर पंचायत द्वारा जो लक्ष्य तय किये गए हैं, उनमें मुक्ति धाम को विकसित कर जरूरत के अनुरूप सुविधा सम्पन्न बनाना, अत्याधुनिक सुविधायुक्त एक खेल पार्क का निर्माण कराना, प्रत्येक वार्ड की सड़कों व गलियों की दशा सुधारना, सीवर की समस्या हल करना और नगर के हर क्षेत्र को स्वच्छ बनाना उनकी पहली प्राथमिकता है।
चेयरमैन सुरेन्द्र सिंह लोटनी ने कहा कि नगर क्षेत्र में लम्बे समय से एक ऐसे खेल पार्क की जरूरत महसूस की जा रही है, जिसमें बच्चों के खेलने की हर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो, महिलाओं व बुजुर्गो के टहलने, व्यायाम- योगासन आदि करने के साथ ही युवाओं खासकर खेल प्रतिभाओं को निरन्तर अभ्यास की सुविधा प्राप्त हो सके ।
श्री लोटनी ने कहा कि वर्तमान में नगर पंचायत क्षेत्रान्तर्गत जल जीवन मिशन के तहत कार्ययोजना प्रगति पर है, जिस कारण जगह-जगह सड़कों व गलियों में खुदाई चल रही है। परन्तु जहाँ-जहाँ जल जीवन मिशन का कार्य पूरा होता जायेगा, नगर पंचायत द्वारा उन सड़कों व गलियों की अविलम्ब दुरुस्त कर जल निकासी आदि कार्य सुनिश्चित किये जायेंगे । उन्होंने कहा कि नगर को साफ-सुथरा बनाना भी उनका सपना रहा है। इस दिशा में स्वच्छता को लेकर जन-जागरूकता, नियमित कूड़ा निस्तारण जैसे बहुत से कार्य किये जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवारा गोवंश की समस्या भी रही है । इस दिशा में यद्यपि हल्दूचौड़ के समीप गंगापुर – कबडवाल में एक गौशाला पूर्व से ही निर्मित है, परन्तु कुछ तकनीकी कारणों से उसको व्यवस्थित नहीं किया जा सका था। श्री लोटनी ने कहा कि 300 गोवंश की क्षमता वाली इस गौशाला को व्यवस्थित स्वरूप दिये जाने पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गौशाला की भूमि का स्वामित्व नगर निगम हल्द्वानी के पास है, लेकिन इसका संचालन नगर पंचायत लालकुआं द्वारा किया जाता है। .
चेयरमैन ने आगे कहा कि नगर क्षेत्र में संचालित तमाम विद्यालयों के भवन पहले की जरूरतों के हिसाब से निर्मित किये गये गए थे, जिनमें बहुत सारे अब जीर्ण-शीर्ण भी होने लगे हैं। पूर्व में बजट आदि के अभाव में अधिकांश विद्यालयो में कक्षा-कक्षों का निर्माण अलग-अलग समय में किया जाता रहा । अर्थात विद्यालय भूमि में जहाँ ठीक लगा, वहाँ कमरे बनते रहे । इसके चलते विद्यालय भवनों का स्वरूप जहाँ अव्यवस्थित है वहीं भूमि का भी सही उपयोग नहीं हो पाया है। इन भवनों को सभी सुविधाओं से सुव्यवस्थित करना नितान्त आवश्यक है।

यह भी पढ़ें 👉  विभूति फीचर्स के लेखक, वरिष्ठ पत्रकार कुमार कृष्णन सम्मानित

चेयरमैन ने कहा कि नगर में स्वास्थ्य सेवाएं वर्तमान जरूरतों के हिसाब से पर्याप्त नहीं हैं। इनमें अपेक्षित सुधार के लिए तेजी से प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों के अलावा अन्य विभागीय कार्यालय अथवा विभागीय निर्माणों को भी सुव्यवस्थित तरीके से किये जाने की जरूरत है, ताकि उपलब्ध भूमि का पूर्ण सदुपयोग कर जनता को लाभान्वित किया जा सके । श्री लोटनी ने कहा कि कूड़ा निस्तारण के लिए यद्यपि गुलमोहर संस्था के सहयोग से एक एम आर एक प्लांट बीते तीन वर्षों से संचालित है, परन्तु इसका अधिकतम लाभ क्षेत्र को मिल सके, इसके लिए भी प्रयास चल रहे हैं।
चेयरमैन सुरेन्द्र सिंह लोटनी ने कहा कि हाल ही में उत्तराखण्ड नगर निकाय संगठन की राज्य स्तरीय बैठक में वह शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर लालकुआं नगर के समग्र विकास को लेकर कई माँगे मुख्यमंत्री के समक्ष रखी थी, जिनमे बस अड्डे के लिए और तीन नागरिक पार्कों समेत एक वन गॉव के लिए भूमि मुहैया कराने की मांगे प्रमुख थी । उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा लालकुआं नगर पंचायत क्षेत्र के विकास के लिए हर सम्भव मदद व सहयोग का आश्वासन दिया गया है। निकट भविष्य में भूमि उपलब्ध होने पर बहुप्रतीक्षित बस अड्डे का निर्माण सम्भव हो सकेगा 
बताते चलें कि लालकुआं नगर पंचायत के चेयरमैन सुरेन्द्र सिंह लोटनी एक कर्मठ, ईमानदार और स्व अनुशासन के लिए जाने जाते हैं। यही कारण है कि हाल ही में देहरादून में सम्पन्न उत्तराखण्ड नगर निकाय संगठन की बैठक में श्री लोटनी को प्रदेश महामंत्री पद का दायित्व भी दिया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  पहाड़ के युवाओं की मुखर आवाज़ या संगठन का मजबूत संवाहक: सादगी, संघर्ष और जनसेवा के पर्याय दीपेन्द्र कोश्यारी के जन्मोत्सव पर क्यों उमड़ा शुभकामनाओं का सैलाब?

मदन जलाल मधुकर

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad