“किसानों को हर संभव सहयोग, गरीबों का किराया नहीं बढ़ेगा” लालकुआं शिविर में जिलाधिकारी रयाल के सख्त निर्देश

ख़बर शेयर करें

 

लालकुआं, 18 फरवरी 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत बुधवार को नगर पंचायत लालकुआं परिसर में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने सिंचाई, विद्युत, सड़क, पेयजल, आवास, स्वास्थ्य एवं राजस्व से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निर्देशित किया।

आवासों का किराया नहीं बढ़ेगा

नगर पंचायत लालकुआं क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए निर्मित आवासों में रह रहे लोगों ने भवन किराया बढ़ाए जाने की शिकायत जिलाधिकारी के समक्ष रखी। इस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत को स्पष्ट निर्देश दिए कि इन परिवारों का किराया नहीं बढ़ाया जाएगा और पूर्व निर्धारित दरों पर ही किराया लिया जाएगा।
साथ ही पेयजल समस्या के समाधान हेतु जल संस्थान को दो दिन के भीतर प्रत्येक आवास पर जाकर समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। जर्जर भवनों की स्थिति सुधारने हेतु उपजिलाधिकारी एवं ईओ को उत्तर प्रदेश निर्माण निगम के साथ समन्वय कर शीघ्र मरम्मत कराने को कहा गया।

किसानों की सिंचाई समस्या पर सख्ती

विभिन्न गांवों से आए किसानों ने क्षतिग्रस्त सिंचाई गूलों की मरम्मत, नई गूलों के निर्माण, अतिक्रमण हटाने तथा बंद नहरों की सफाई की मांग रखी। जिलाधिकारी रयाल ने स्पष्ट कहा,
“किसानों की आर्थिकी की मजबूती हेतु जो भी संभव होगा, वह किया जाएगा। सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना विभागों की जिम्मेदारी है।”
उन्होंने सिंचाई, लघु सिंचाई एवं नलकूप विभाग को गूलों की मरम्मत, सफाई और नई योजनाओं के प्रस्ताव तैयार कर जिला योजना में शामिल करने के निर्देश दिए। साथ ही नहरों में हुए अतिक्रमण को तत्काल हटाने के आदेश भी दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि इन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

लो वोल्टेज की समस्या पर निर्देश

ग्रामीणों ने लो वोल्टेज के कारण सिंचाई पंपों के संचालन में आ रही दिक्कतों की जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को मौके का निरीक्षण कर अधिक क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश दिए तथा विद्युत एवं नलकूप विभाग को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
105 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर समाधान
शिविर में कुल 105 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर कर दिया गया। शेष समस्याओं के समाधान हेतु 15 दिन की समय-सीमा तय की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन मामलों का समाधान शिविर में नहीं हो पाया है, उनका निस्तारण कर संबंधित व्यक्तियों को अवगत कराया जाए।

अवैध शराब व नशीले पदार्थों पर सख्ती

क्षेत्र में अवैध शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री की शिकायत पर जिलाधिकारी ने राजस्व, पुलिस और आबकारी विभाग को नियमित छापेमारी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान को संयुक्त रूप से निरंतर जारी रखा जाएगा।

अन्य प्रमुख मुद्दे

भूमि पर लंबे समय से निवास कर रहे लोगों को मालिकाना हक दिलाने के संबंध में जिला स्तर पर समिति गठित करने की प्रक्रिया शुरू करने की जानकारी दी गई।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालकुआं में एक्स-रे मशीन संचालन हेतु टेक्नीशियन के पद की स्वीकृति के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए।
गोला नदी में भू-कटाव और गंगापुर कबड़वाल में स्टोन क्रेशर से उत्पन्न समस्याओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य व योजनाओं का लाभ

शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 125, आयुर्वेदिक विभाग द्वारा 60 एवं होम्योपैथिक विभाग द्वारा 55 लोगों का परीक्षण कर निःशुल्क दवा वितरित की गई। विभिन्न विभागों द्वारा सैकड़ों लोगों को योजनाओं की जानकारी और लाभ प्रदान किया गया। राजस्व विभाग ने प्रमाण पत्र जारी किए तथा 12 आधार कार्ड भी बनाए गए।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लौटनी, भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, ज्येष्ठ उप प्रमुख कमल भंडारी, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, तहसीलदार कुलदीप पांडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
बहुउद्देशीय शिविर ने एक बार फिर प्रशासन की जनसुनवाई और त्वरित समाधान की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया, वहीं किसानों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत का संदेश भी दिया।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad