लालकुआँ।
उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी उर्मिला द्वारा सोशल मीडिया पर कथित वीआईपी का नाम उजागर किए जाने के बाद प्रदेश की राजनीति में उबाल आ गया है। कांग्रेस ने इस मामले को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए सीबीआई जांच और संबंधित भाजपा नेता की गिरफ्तारी की मांग तेज कर दी है।
अग्निपथ योजना के विरोध कार्यक्रम के तहत लालकुआँ पहुंचे नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि उत्तराखंड में “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का नारा पूरी तरह खोखला साबित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा गंभीर संकट में है, जबकि सत्ता पक्ष इस संवेदनशील मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए है।
यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा के कई पदाधिकारी और नेता जनहित के कार्यों की बजाय विवादित और आपत्तिजनक गतिविधियों में संलिप्त पाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता हत्याकांड में कथित वीआईपी के नाम को उजागर करने में जहां राज्य की पुलिस नाकाम रही, वहीं मामले को भ्रमित करने के लिए एक कमरे के नाम को ही वीआईपी बताकर जांच को गुमराह करने का प्रयास किया गया।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी उर्मिला सनावर तथा भाजपा की पूर्व जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ के बयानों से यह स्पष्ट होता है कि राज्य में अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है।
उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को कठोर सजा मिले। यशपाल आर्य ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाना केवल एक परिवार की लड़ाई नहीं, बल्कि यह पूरे समाज और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ा सवाल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों को सजा दिलाने तक कांग्रेस इस मुद्दे पर अपनी लड़ाई पूरी मजबूती से जारी रखेगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
