हल्द्वानी/नैनीताल।
अधदशभुजा श्री महालक्ष्मी मंदिर, बेरी पड़ाव, मोटाहल्दू (हल्द्वानी) में ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर स्वामी बालकृष्ण यति जी महाराज का पावन जन्मदिवस महोत्सव इस वर्ष बड़े हर्षोल्लास और भक्ति-भाव के साथ मनाया जाएगा। यह दिव्य समारोह बुधवार, 14 जनवरी 2026 (माघ कृष्ण एकादशी) के पावन अवसर पर आयोजित होगा। जन्मदिवस के उपलक्ष्य में विशाल भण्डारे सहित विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
मंदिर सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि यह महोत्सव केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि गुरु-परंपरा, आस्था और सेवा-भाव का विराट उत्सव होगा। श्रद्धालु भक्ति-संवेदना के साथ गुरुदेव के श्रीचरणों में नतमस्तक होकर उनके त्याग, सेवा और आध्यात्मिक मार्गदर्शन को स्मरण करेंगे।
कार्यक्रम विवरण
– बुधवार, 14 जनवरी 2026 (माघ कृष्ण एकादशी)
• शिव रुद्राभिषेक – प्रातः 8:30 बजे से 11:30 बजे तक
• सांगीतमय सुंदरकाण्ड – प्रातः 9:30 बजे से 11:30 बजे तक, जिसका संचालन जागृति कला मंच लालकुआं के श्री प्रमोद मिश्रा एवं सहयोगी कलाकार करेंगे
• गुरु पूजन – 11:30 बजे से
• विशाल भण्डारा – अपराह्न 12 बजे से प्रारंभ
समारोह में स्थानीय क्षेत्र ही नहीं, बल्कि दूरदराज़ से आने वाले भक्तों की उपस्थिति अपेक्षित है। आयोजकों ने धर्मप्रेमी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपने परिवार और इष्टमित्रों के साथ इस आध्यात्मिक पर्व में सम्मिलित होकर गुरुचरणों की अनुग्रहधारा से कृतार्थ हों।
अधदशभुजा श्री महालक्ष्मी मंदिर सेवा ट्रस्ट तथा श्री बालकृष्ण यति धाम, बेरी पड़ाव, पोस्ट मोटाहल्दू, हल्दानी नैनीताल के संरक्षकों ने सभी श्रद्धालुओं को सादर आमंत्रित किया है। अध्यक्षता में महामंडलेश्वर स्वामी सोमेश्वर यति जी महाराज का सान्निध्य भी रहेगा, जो कार्यक्रम की गरिमा को और अधिक आध्यात्मिक आयाम प्रदान करेगा।
भक्तजन इस अवसर को गुरुभक्ति, सेवा और समर्पण के अद्वितीय संगम के रूप में देख रहे हैं। माघ कृष्ण एकादशी पर आयोजित यह जन्मोत्सव निश्चय ही क्षेत्र की धार्मिक-सांस्कृतिक चेतना में एक नई ऊर्जा का संचार करेगा
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
