लालकुआँ। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाए जाने की मांग को लेकर बिंदुखत्ता संघर्ष समिति के 10 सदस्यीय शिष्टमंडल ने देहरादून में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बिंदुखत्ता को शीघ्र राजस्व ग्राम का दर्जा दिलाने का आश्वासन दिया और पूर्व में विलुप्त की गई राजस्व गांव की घोषणा को पुनः मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
मंगलवार की शाम मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस मुलाकात में शिष्टमंडल ने बिंदुखत्ता को अविलंब राजस्व गांव घोषित किए जाने की जोरदार मांग रखी। सभी राजनीतिक दलों एवं संगठनों के प्रतिनिधियों ने अब तक किए गए संघर्ष और क्षेत्र की समस्याओं की विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री को दी, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ करने का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने दूरभाष पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिंदुखत्ता को राजस्व गांव घोषित करने की प्रक्रिया को मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल किया जाए। साथ ही जिलाधिकारी नैनीताल को निर्देशित किया गया कि संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर इस प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जाए।
शिष्टमंडल में भाजपा मंडल अध्यक्ष नवीन पपोला, अर्जुन नाथ गोस्वामी, भरत नेगी, पूरन बोरा, कैप्टन प्रताप सिंह बिष्ट, कैप्टन दलवीर सिंह कफोल, चंचल सिंह कोरंगा, भुवन भट्ट, श्याम सिंह रावत और प्रमोद कलोनी शामिल थे। इस दौरान भाजपा नेता दीपेंद्र कोश्यारी एवं बिंदुखत्ता के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी सौंपा।
क्षेत्रवासियों में मुख्यमंत्री के इस आश्वासन से नई उम्मीद जगी है और लोगों ने इसे बिंदुखत्ता के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
