नैनीताल।
झीलों के शहर नैनीताल स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सातताल झील पर बनी पुल दैवीय आपदा के बाद से टूटी पड़ी है, जिससे यहां आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन में प्रतिदिन हजारों की संख्या में पर्यटक सातताल पहुंचते हैं, लेकिन पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण उन्हें आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और गिरने का भय बना हुआ है।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी और पूर्व सभासद प्रदीप कुमार ‘बबलू’ ने जिला प्रशासन से इस महत्वपूर्ण पुल का शीघ्र नव निर्माण कराने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि सातताल पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है, लेकिन पुल के टूटे होने से पर्यटकों को असुविधा के साथ-साथ दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।
पूरन बृजवासी ने बताया कि उन्होंने पूर्व में सिंचाई विभाग के अधिकारियों से पुल के पुनर्निर्माण की मांग की थी। इस पर विभागीय अधिकारियों ने बताया था कि पुल निर्माण के लिए आपदा मद से बजट की मांग करते हुए जिलाधिकारी को पत्र भेजा गया है। हालांकि अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कार्यवाही नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुल का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया तो पर्यटन सीजन में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुल का शीघ्र निर्माण कराया जाए, ताकि पर्यटन क्षेत्र में आने वाले लोगों को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
