नैनीताल | 21 दिसंबर, 2025
उत्तराखण्ड राज्य सरकार की जनकल्याणकारी सोच को धरातल पर उतारते हुए “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत जनपद नैनीताल में लगातार बहुद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 22 दिसंबर, 2025 को विकासखंड हल्द्वानी में एक बहुद्देशीय शिविर आयोजित किया जाएगा।
यह शिविर राजकीय इंटर कॉलेज, हल्दूपोखरा में आयोजित होगा, जिसकी अध्यक्षता प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी द्वारा की जाएगी। शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना, जनसमस्याओं की सुनवाई करना, शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना है।
शिविर में राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, कृषि, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, श्रम, ऊर्जा, पेयजल, सहकारिता तथा बैंक/वित्तीय संस्थानों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा संबंधित सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे पूर्ण तैयारी के साथ शिविर में सहभागिता करें और सरकार की जनहितकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ आमजन तक पहुँचाएँ। साथ ही शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार कर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकाधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
