लालकुआँ।
मकर संक्रांति के पावन अवसर पर सेंचुरी मिल द्वारा मानवता और सामाजिक सरोकार से जुड़ा एक सराहनीय अभियान चलाया गया। मिल के सीईओ श्री अजय कुमार गुप्ता के निर्देशन में क्षेत्र के जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों की सहायता के उद्देश्य से यह सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत माँ अवंतिका मंदिर के पवित्र प्रांगण में मिल के उपाध्यक्ष श्री नरेश चन्द्रा द्वारा कम्बल वितरण किया गया। कड़ाके की ठंड में कम्बल पाकर जरूरतमंद लोगों के चेहरों पर खुशी और राहत की झलक साफ दिखाई दी। सभी लाभार्थियों ने मिल प्रशासन का हृदय से धन्यवाद व्यक्त किया।
इस अवसर पर मिल के वरिष्ठ अधिकारी श्री शुभाष शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति भी रही। कार्यक्रम का संचालन सादगी के साथ किया गया जिसमें सामाजिक संवेदना और मानवीयता स्पष्ट रूप से झलकी।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष नरेश चन्द्रा ने कहा कि “मकर संक्रांति केवल पर्व नहीं, यह आपसी सहयोग और संवेदनशीलता का संदेश देने वाला दिवस है। मिल परिवार सदैव क्षेत्र के जरूरतमंद भाई-बहनों के साथ खड़ा है। हमारा प्रयास है कि कोई भी व्यक्ति ठंड से परेशान न हो और हर चेहरे पर मुस्कान बनी रहे।”
कार्यक्रम के उपरांत नरेश चन्द्रा एवं शुभाष शर्मा ने माँ अवंतिका के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए विशेष पूजन-अर्चन भी किया। उन्होंने मिल परिवार की ओर से माँ अवंतिका के चरणों में नमन किया।
कार्यक्रम में माँ अवंतिका मंदिर समिति के अध्यक्ष पूरन सिंह रजवार, आचार्य चन्द्रशेखर जोशी, करन कुमार, वरुण पाठक, गोविन्द मेहरा सहित अनेक श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस सेवा कार्य का स्वागत करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
सेंचुरी मिल द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान न केवल सहायता प्रदान करता है, बल्कि समाज को यह संदेश भी देता है कि त्योहारों की सच्ची भावना विभाजन नहीं, बल्कि सहभागिता और सेवा में निहित है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
